पावनसिटी खंडवा
खंडवा – मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला जेल खंडवा में विशेष “जेल लोक अदालत” आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि विशेष जेल लोक अदालत के माध्यम से यह उन लोगों तक भी पहुंचता है जो सुधार की राह पर अग्रसर हैं। यह आयोजन न केवल न्यायिक प्रक्रिया का विस्तार है, बल्कि समाज में पुनर्वास और सकारात्मक परिवर्तन का एक सशक्त प्रयास भी है। इस विशेष जेल लोक अदालत के अंतर्गत समझौता योग्य आपराधिक प्रकरण, लघु अपराधों से संबंधित प्रकरण, प्ली बारगेनिंग के प्रकरण एवं अन्य उपयुक्त मामलों को चिन्हित किया गया। कुल 5 प्रकरणों को विचारार्थ विशेष जेल लोक अदालत में प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 1 प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। यह पहल न केवल न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि बंदियों को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम भी सिद्ध हुई।
निरीक्षण और संवाद से बढ़ा विश्वास
लोक अदालत के आयोजन के साथ ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव ने जिला जेल खंडवा का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक बैरक में जाकर बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने बंदियों से उनके प्रकरणों की स्थिति, अधिवक्ता की उपलब्धता, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और न्याय प्राप्ति के लिए उचित मार्ग अपना सकें। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पियूष भावे, विशेष जेल लोक अदालत के पीठासीन अधिकारी भरत दीप चौरसिया, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह, जेल अधीक्षक नवीन कुमार नेमा, खंडपीठ सदस्य महेंद्र ताडगे, एडीपीओ हरिप्रसाद बांके एवं लालसिंह बघेल, लीगल एड डिफेंस काउंसिल से प्रीतेश दुबे एवं सुश्री साक्षी गुप्ता, पैनल अधिवक्ता जितेन्द्र गुप्ता, सहित अन्य अधिकारी एवं जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा के कर्मचारीगण के साथ-साथ पैरालीगल वालेन्टियर राहुल राठवे उपस्थित रहे।

