Skip to content
ताज़ा खबर
23 Oct 2026 हरदा 23°C

ताज़ा ख़बरें हरदा से

Friday, 23 October 2026
Uncategorized

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रहटगांव में शिविर आयोजित

9 min read
IMG 20261023 WA0110
Text Size:

पावनसिटी हरदा

संपादक -सैयद अशफाक अली

मो. 9425045481

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रहटगांव में शिविर आयोजित

हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण

हरदा – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को रहटगांव के शासकीय एल.एन. पालीवाल हाई स्कूल परिसर में क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये गये। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष  गजेन्द्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, कलेक्टर  कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक  शशांक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  नरोत्तम भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार मिश्रा, एसडीएम टिमरनी  असवनराम चिरामन, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रजनी कलम, ग्राम सरपंच श्रीमती सुमित्रा रंगीले सहित अधिकारी कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। जनविश्वास शिविर के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और मौके पर ही निराकरण कर रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग शिविर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें और अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।

हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण

क्लस्टर स्तरीय जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा 3 स्वसहायता समूहों महालक्ष्मी स्वसहायता समूह को 6 लाख, शिवशंकर स्वसहायता समूह को 3 लाख व भोलेनाथ स्वसहायता समूह रहटगांव को 3 लाख रूपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदाय किये गये। इसी प्रकार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत 2 हितग्राहियों श्रीमती संतोषी यादव को ऑनलाइन शॉप हेतु 1.50 लाख व श्री राहुल मालवीय को किराना दुकान हेतु 1.99 लाख रूपये के प्रमाण-पत्र, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति हरदा द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना के तहत श्रीमती निर्मलाबाई पति श्री कमलेश को टेलरिंग हेतु 1 लाख रूपये, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा टंट्यामामा आर्थिक कल्याण योजना के तहत 2 हितग्राही प्रभा पति लखनलाल को टेलरिंग हेतु 0.90 लाख व संतोष पिता सुखराम को किराना व्यवसाय हेतु 0.75 लाख रूपये तथा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा बागवानी यंत्रीकरण योजना के तहत श्री राजकुमार पिता भगवानदास को ट्रेक्टर हेतु 2.45 लाख, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत श्री रविशंकर तोमर पिता रणजीत सिंह तोमर को स्प्रिंकलर व माइक्रो स्प्रिंकलर हेतु 0.51 लाख तथा पीएमएफएमई योजना के तहत श्री विनोद गौर को पशु आहार के लिये 10 लाख रूपये के प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये। इसके अलावा शिविर में संबल योजना के तहत हितग्राही श्री विनोद के परिजन पूनम, श्री पंचम धुर्वे के परिजन प्यारीबाई व श्रीमती सीमाबाई के परिजन टीकाराम को 2-2 लाख रूपये की अनुग्रह सहायता राशि के चेक प्रदान किये गये। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 2 लाड़लियों पूर्वी व दिव्या को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये।

*अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी*

क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाये गये थे। साथ ही आधार कार्ड पंजीयन शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फार्मर आईडी बनाने हेतु राजस्व शिविर भी आयोजित किये गये।

उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा किये अनुभव

जन विश्वास कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत उद्यमियों से संवाद किया गया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के हितग्राही श्री कृष्णकांत गौर ने ऑनलाइन कार्य व श्री शाकिर शाह ने आटा चक्की व्यवसाय, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत श्रीमती संतोषी यादव, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना के हितग्राही श्री महेश पिता नत्थू उइके ग्राम धनपाड़ा ने दुग्ध उत्पादन व्यवसाय, 10$1 बकरी पालन इकाई के हितग्राही श्री राजाराम पिता बाबूलाल पाल ने बकरी पालन व्यवसाय तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राही  शशिमोहन बांके ने रिटेल ट्रेड व्यवसाय के अपने अनुभवों व योजना से प्राप्त लाभ की जानकारी को साझा किया।

इस दौरान आमजन से उनकी समस्याओं के संबंध में 213 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिये गये।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में कलेक्टर ने रहटगांव के अस्पताल, आंगनवाड़ी, तहसील कार्यालय व धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य का किया आकस्मिक निरीक्षण

आंगनवाड़ी केन्द्र में फर्श पर बैठकर बच्चों से सुनी कविताएं

धनपाड़ा में बैंच पर बैठकर ग्रामीणों को स्वामित्व रजिस्ट्री के बताए लाभ

हरदा  कलेक्टर  कुमार सत्यम ने रहटगांव में आयोजित जन विश्वास क्लस्टर स्तरीय संवाद शिविर के दौरान रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आंगनवाड़ी केन्द्र, तहसील कार्यालय एवं धनपाड़ा में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य का औचक निरीक्षण किया।

रहटगांव में आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर  सत्यम ने केन्द्र के फर्श पर बैठकर आंगनवाड़ी के बच्चों से आंगनवाड़ी की गतिविधियों पर चर्चा की, साथ ही उनसे कविताएं सुनकर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होने आंगनवाड़ी में टीकाकरण एवं पोषण ट्रेकर पर दर्ज एन्ट्री की जानकारी ली। कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिये किये जा रहे कार्य के संबंध में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा की। इस दौरान उन्होने बच्चों को बिस्किट एवं फल भी वितरित किये। कलेक्टर ने ग्राम धनपाड़ा में पहुँचकर स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य हेतु संचालित कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने ग्रामीणों के साथ बैंच पर बैठकर स्वामित्व रजिस्ट्री के फायदों की भी जानकारी दी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य समय सीमा में पूर्ण किया जाए।

रहटगांव में तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम अव्यवस्थित पाये जाने पर प्रभारी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिये गये। कलेक्टर ने राजस्व न्यायालय का निरीक्षण कर आसीएमएस में दर्ज प्रकरणों की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिये कि राजस्व मामलों से संबंधित प्राप्त शिकायतें सही मद में दर्ज की जाएं। राजस्व प्रकरणों की स्थिति के निरीक्षण के दौरान निराकरण की संतोषजनक स्थिति न मिलने पर एसडीएम को निर्देश दिये कि प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान उन्होने लोक सेवा केन्द्र का भी निरीक्षण कर वहां की कार्य व्यवस्था देखी।

रहटगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की सार्थक एप पर उपस्थिति की जानकारी ली, साथ ही यहां मरीजों से भी चर्चा की। कलेक्टर ने समक्ष में यहां उपचार कराने आई रहटगांव की महिला नीलम वृंदावन की आभा आईडी तैयार करवाई। इस दौरान उन्होने मरीजों को आयुष्मान भारत योजना की भी जानकारी दी एवं सभी पात्रों के आयुष्मान कार्ड बनाने के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये। कलेक्टर ने वन क्षेत्र होने के कारण यहां डिलेवरी पॉईन्ट की स्थिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होने पोषण पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण भी किया एवं भर्ती बच्चों के माता पिता से बच्चों के पोषण की स्थिति पर चर्चा की। भ्रमण के दौरान एसडीएम टिमरनी श्री असवनराम चिरामन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

आबादी स्वामित्व योजना के पट्टाधारकों की रजिस्ट्री अब ऑनलाइन

घर बैठे कर सकते हैं आवेदन

हरदा – ऐसे सभी नागरिक जिन्हें पूर्व में आबादी स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टे प्रदान किए गए थे, उनकी रजिस्ट्री अब मध्यप्रदेश शासन द्वारा करवाई जा रही है। तहसीलदार टिमरनी ने बताया कि इसके लिए पात्र हितग्राहियों को किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी, वे स्वयं अपने मोबाइल फोन से एमपी ई-सेवा पोर्टल अथवा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित क्षेत्र के पटवारी को प्राप्त होगा जिसके पश्चात आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। उन्होने बताया कि मोबाइल से आवेदन में कठिनाई होने पर नजदीकी लोक सेवा केंद्र, एमपी ऑनलाइन कियोस्क या पटवारी से सहायता ली जा सकती है।

रजिस्ट्री होने से रजिस्टर्ड स्वामित्व दस्तावेज के आधार पर बैंक से गृह ऋण व व्यवसाय ऋण आसानी से मिलेगा, संपत्ति के क्रय-विक्रय या हस्तांतरण विधिक रूप से सुगमता से किया जा सकेगा, स्पष्ट व वैधानिक स्वामित्व मिलने से भविष्य में विवाद की संभावना कम होगी, अतिक्रमण व विवाद से बचाव होगा, नामांतरण, बंटवारा और उत्तराधिकार की प्रक्रिया सरल होगी तथा आवास, बिजली, पानी जैसी शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।

तहसीलदार टिमरनी ने बताया कि आवेदन हेतु आबादी स्वामित्व योजना के पट्टे की प्रति, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर आवश्यक होगा। आवेदन की प्रक्रिया में एमपी ई-सेवा पोर्टल या ऐप पर जाकर सेवा का चयन कर जानकारी भरकर दस्तावेज अपलोड कर आवेदन जमा करना होगा व आवेदन क्रमांक सुरक्षित रखना होगा। प्रशासन ने सभी पात्र पट्टाधारकों से अपील की है कि वे शीघ्र आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं व अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र के पटवारी या तहसील कार्यालय टिमरनी से संपर्क करें।

कृषि उपज मंडी हरदा में तीन दिन बंद रहेगी नीलामी

हरदा – कृषि उपज मंडी समिति हरदा में 24 से 26 अक्टूबर तक कृषि उपजों का नीलामी कार्य बंद रहेगा। सचिव कृषि उपज मंडी समिति हरदा ने बताया कि 24 अक्टूबर शनिवार को चतुर्थ शनिवार का अवकाश, 25 अक्टूबर को रविवार का शासकीय अवकाश और 26 अक्टूबर सोमवार को महर्षि वाल्मिकी जयंती का अवकाश होने के कारण कारण मण्डी प्रांगण हरदा में कृषि उपजों का नीलामी कार्य बंद रहेगा। मंडी प्रशासन ने समस्त कृषक बंधुओं से अपील की है कि वे 24 से 26 अक्टूबर तक अपनी कृषि उपज बेचने के लिए मंडी प्रांगण हरदा में न लाएं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा 24 अक्टूबर को रक्तदान शिविर का आयोजन

हरदा 23 अक्टूबर 2026/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा मानवीय सेवा एवं जनकल्याण की भावना से जरूरतमंद मरीजों को रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह रक्तदान शिविर 24 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10ः30 बजे से जिला न्यायालय परिसर हरदा स्थित एडीआर भवन में आयोजित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा द्वारा आमजन, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण एवं सामाजिक संगठनों से अपील की गई है कि इस जनकल्याणकारी शिविर में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता प्रदान कर इसे सफल बनाएं तथा आसपास के लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान हेतु प्रेरित करें।

What do you think?

Leave a comment