25 अक्टूबर से हरदा, 27 अक्टूबर से सिवनी मालवा, 1 नवंबर से इटारसी एवं 05 नवंबर से सोहागपुर के लिए तवा नहर से पानी छोड़ा जाएगा
संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
हरदा – कलेक्टर कार्यालय नर्मदापुरम में बुधवार को नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में रबी फसलों की सिंचाई हेतु संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त श्री बनोठ वीसी के माध्यम से जुड़े। इस दौरान डीआईजी वीरेंद्र सिंह, कलेक्टर नर्मदापुरम आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्ण एस थोटा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, संयुक्त आयुक्त (विकास) नवल मीना, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वही हरदा कलेक्टर कुमार सत्यम, बैतूल कलेक्टर सौरभ संजय सोनवणे एवं अन्य संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से ऑनलाइन मौजूद थे।
संभागीय जल उपयोगिता समिति की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि हरदा जिले हेतु बायी तट मुख्य नहर से 25 अक्टूबर 2026 को, तवा नहर संभाग सिवनी मालवा की नहर के लिए 27 अक्टूबर 2026 से, तवा परियोजना संभाग इटारसी के लिए 1 नवंबर 2026 से तथा पीबीसी संभाग सोहागपुर नहर से 05 नवंबर 2026 से जल प्रवाह शुरू किया जाएगा।
कमिश्नर बनोठ ने कहा कि निर्धारित की गई तिथियों का पर्याप्त रूप से प्रचार करें। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी करवाई जाए साथ ही अपने स्तर पर भी विभाग सभी किसान संगठनों से समन्वय कर तिथियों से अवगत करावें। इस दौरान जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता राजाराम मीना ने बताया कि तवा जलाशय की वर्तमान जल संग्रहण स्थिति 1700 एमसीएम है जो की उपलब्ध भराव का 87 प्रतिशत है। साथ ही बताया कि वर्तमान में नहरों की साफ सफाई का कार्य निरंतर जारी है। कमिश्नर श्री बनोठ ने जल संसाधन विभाग के उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों से पानी छोड़े जाने के लिए बेहतर प्रबंधन एवं बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए की पानी छोड़ने वाले स्थान से लेकर टेल क्षेत्र तक कुछ मुख्य प्वाइंटों पर नहर की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए उन्होंने नहरों की लगातार पेट्रोलिंग किए जाने के निर्देश दिए, साथ ही विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि वह नहर से पानी लेने के लिए किसानों द्वारा जो टेंपरेरी कनेक्शन लिए जाते हैं उन टेंपरेरी कनेक्शन को जल संसाधन विभाग की सहमति के बाद ही जारी किए जाएं।
कमिश्नर बनोठ ने स्थानीय स्तर पर सभी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के भी निर्देश दिए। साथ ही कहां कि संबंधित अधिकारी गण नहरों के सुचारु एवं पर्याप्त जल प्रवाह हेतु उपयुक्त प्रबंधन एवं बारीकी से निगरानी करें। कमिश्नर ने बैतूल कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह बैतूल जिले में स्थित जलाशयों के माध्यम से सिंचाई हेतु पानी का उपयोग करने के लिए प्रस्ताव तैयार करें और यथासंभव किसानों को सिंचाई सुविधा हेतु पानी उपलब्ध कराए। कमिश्नर श्री बनोठ ने निर्देशित किया कि राजस्व, पुलिस, विद्युत और जल संसाधन विभाग संयुक्त रूप से सिंचाई हेतू जल आपूर्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। वर्तमान वर्ष में बारिश की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित विभाग प्रत्येक परिस्थिति के लिए अलर्ट मोड पर रहें। उन्होंने निर्देशित किया कि कृषि विभाग भी बोवनी के समय को देखते हुए संभाग में खाद की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करें। खाद की आवक और उठाव की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। विद्युत विभाग निर्धारित समय अवधि पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें, जिससे सिंचाई कार्य ने किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। जल संसाधन विभाग यह सुनिश्चित करें कि पानी छोड़े जाने के बाद भी नहरों की पेट्रोलिंग कर आवश्यकतानुसार साफ सफाई मेंटेनेंस किया जाए, जिससे पानी का अपव्यय न हो और टेल क्षेत्र के किसानों तक पानी पहुंचे।
कलेक्टर ने सिंचाई व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की
कलेक्टर कुमार सत्यम व पुलिस अधीक्षक शशांक ने जल संसाधन विभाग, विद्युत, कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सिंचाई व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने निर्देश दिये कि जिले में तवा नहरों से सिंचाई की व्यवस्था सुचारू रखी जाए। सिंचाई व्यवस्था में कहीं भी व्यवधान न हो। सभी संबंधित अधिकारी निरन्तर भ्रमण कर सिंचाई व्यवस्था पर निगरानी रखें।
कार्बाइड गन के विक्रय एवं उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश
हरदा – दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कुमार सत्यम ने जिले में कार्बाइड गन के विक्रय एवं उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर सत्यम ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में कार्बाइड गन के विक्रय एवं उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के लिए सघन निरीक्षण एवं निगरानी करें। संबंधित अधिकारी बाजारों एवं अन्य संभावित स्थानों पर निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना एवं जनहानि की आशंका को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा कार्बाइड गन जैसे खतरनाक उपकरणों के उपयोग से बचें।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को रहटगांव में लगेगा शिविर
हरदा – ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को रहटगांव में शिविर आयोजित होगा, जिसमें रहटगांव, झाड़बिड़ा, पांढरमाटी, फूलड़ी, गाड़ामोड़खुर्द, छिदगांव तमोली, नजरपुरा, छिरपुरा, आमसागर, बोथी, कासरनी, खमगांव व बड़वानी के ग्रामीण शामिल होंगे। इस शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
किसानों सिंचाई संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु सिंचाई प्रकोष्ठ गठित
हरदा – रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 में किसानों की सिंचाई समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जल संसाधन संभाग हरदा ने सिंचाई प्रकोष्ठ बनाया है। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग हरदा श्रीमती सोनम वाजपेयी ने अनुविभागीय अधिकारी सामरधा उपनहर उत्कर्ष पाटिल मोबाइल नम्बर 9981115847 को प्रकोष्ठ प्रभारी नियुक्त किया है। प्रकोष्ठ में 24 घंटे तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसानों की शिकायतों का समय पर निराकरण हो सके।
जारी आदेश अनुसार प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिये अनुविभागीय अधिकारी माचक रोहन विलियम्स व स्टोर अटेंडेंट श्री कैलाश दोगने, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनुविभागीय अधिकारी सामरधा उपनहर उत्कर्ष पाटिल व चौकीदार धन्नालाल गोर तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चौकीदार सफी खान की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त शासकीय अवकाश दिवसों में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिये हेल्पर राजेश मीणा, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिये भृत्य श्री पूनमचन्द केवट तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक के लिये चौकीदार गोरेलाल गुर्जर की ड्यूटी लगाई गई है।
किसानों सिंचाई संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु संभागीय कार्यालय टिमरनी में सिंचाई प्रकोष्ठ गठित
हरदा- रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 में किसानों की सिंचाई समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जल संसाधन संभाग टिमरनी ने सिंचाई प्रकोष्ठ बनाया है। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग टिमरनी श्रीमती सोनम वाजपेयी ने अनुविभागीय अधिकारी अजनई उपनहर अनुभाग टिमरनी विनीत वोर्याले मोबाइल नम्बर 9516852837 को प्रकोष्ठ प्रभारी नियुक्त किया है। प्रकोष्ठ में 24 घंटे तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसानों की शिकायतों का समय पर निराकरण हो सके।
जारी आदेश अनुसार प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिये अनुविभागीय अधिकारी पचौला उपनहर यशवंत सिंह सोलंकी व डाक रनर आर.एस. नागरे, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनुविभागीय अधिकारी अजनई उपनहर विनीत वोर्याले व अमीन राजेश पुरी तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक भृत्य ललीत सिसोदिया की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त शासकीय अवकाश दिवसों में सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिये प्रोसेस सर्वर श्री संजय राजवैध, दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिये चौकीदार सीताराम तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक के लिये भृत्य ललीत सिसोदिया की ड्यूटी लगाई गई है।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के तहत राजनैतिक दलों की बैठक 22 अक्टूबर को होगी
हरदा, – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर के दौरान छूटे हुए मतदाताओं एवं 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु बीएलओ द्वारा डोर-टू-डोर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन एवं विशेष कैम्पों के माध्यम से नाम जोड़ने की कार्यवाही हेतु वर्तमान में विशेष अभियान 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसी के साथ ही अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के मान से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम भी जारी किया जा चुका है, जिसके तहत 02 नवम्बर 2026 से कार्यवाही प्रारंभ की जाकर 12 नवम्बर 2026 को प्रारूप प्रकाशन एवं 04 जनवरी 2027 को अंतिम प्रकाशन कराया जाना है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुरूषोत्तम कुमार ने बताया कि विशेष अभियान एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 की कार्यवाही एवं आयोग के नवीन निर्देशों से अवगत कराने हेतु 22 अक्टूबर को अपराह्न 12 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक रखी गई है।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आवेदन आमंत्रित
हरदा – कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग जिला हरदा ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत मत्स्य विभाग की योजनाओं में आवेदन आमंत्रित किए हैं। सहायक संचालक मत्स्योद्योग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के चिन्हित 103 ग्रामों के अनुसूचित जनजाति वर्ग के ऐसे इच्छुक हितग्राही जो मत्स्य पालन गतिविधियों से जुड़कर स्वरोजगार प्राप्त करना चाहते हैं, वे योजना अंतर्गत मिनी आर.ए.एस., फिश फीड मिल, बायोफ्लॉक, स्वयं की भूमि पर नवीन तालाब निर्माण, मोटर साईकिल विद आईस बाक्स, फिश कियोस्क, इन्सुलेटेड वाहन इत्यादि गतिविधियों के लिये आवेदन कर सकते है।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग हरदा ने बताया कि इच्छुक हितग्राही 05 नवम्बर तक कार्यालयीन समयावधि में कलेक्ट्रेट परिसर के रूम नंबर 60 में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। योजनान्तर्गत चयनित अ.ज.जा. वर्ग के हितग्राहियों को इकाई लागत का 90 प्रतिशत अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग जिला हरदा, रूम नं. 60 में अथवा सहायक मत्स्य अधिकारी श्रीमती सरिता चौकीकर मोबाइल नम्बर 8770641658 एवं सहायक मत्स्य अधिकारी श्री सुशील गौर मोबाइल नम्बर 8319449113 से भी संपर्क किया जा सकता है।







