पावनसिटी हरदा
मो. 9425045481
पुलिस स्मृति दिवस पर हरदा पुलिस ने वीर शहीदों को किया नमन, 154 शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस वीरों की स्मृति में पुलिस लाइन हरदा में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम। शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर किया सम्मानित।
21 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन हरदा में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सहित पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक शशांक द्वारा 01 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया गया। इनमें मध्यप्रदेश के 09 तथा अन्य राज्यों के 145 पुलिसकर्मी शामिल हैं। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया तथा उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस स्मृति परेड दल का नेतृत्व सूबेदार उमेश ठाकुर ने किया। इस दौरान पुलिस डॉग स्क्वॉड ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कर्तव्यपालन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सशस्त्र बलों के हमले में देश के 10 वीर पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन वीर जवानों की स्मृति तथा कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले समस्त पुलिसकर्मियों के सम्मान में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का स्मरण कराता है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सुरक्षा सुश्री अरुणा सिंह, थाना कोतवाली प्रभारी रोशन लाल भारती, सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.के. तिवारी, यातायात प्रभारी सुश्री वर्षा गौर सहित पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







