पावनसिटी खंडवा
मो. 9425045481
1 करोड़ 27 लाख रुपये की अनुदान राशि हुई स्वीकृत
खंडवा 16 अक्टूबर 2026 – मध्यप्रदेश शासन की औद्योगिक विकास नीतियां और प्रोत्साहन योजनाएं जिले के उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद कर रही हैं। खंडवा निवासी नवनीत अग्रवाल जिन्होंने छोटे स्तर पर खुले दूध का व्यवसाय शुरू कर आधुनिक डेयरी उद्योग स्थापित कर सफलता की नई मिसाल पेश की है। श्री नवनीत अग्रवाल ने बताया कि शुरुआत में वे छोटे स्तर पर खुले दूध का व्यवसाय करते थे। व्यवसाय को विस्तार देने और आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित करने की इच्छा थी, लेकिन पर्याप्त पूंजी का अभाव चुनौती बना हुआ था। इसी दौरान उन्हें मध्यप्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा संचालित “एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025” की जानकारी मिली। उन्होंने बैंक से ऋण लेकर योजना के अंतर्गत आवेदन किया। इसके बाद उन्हें दिव्य दुग्ध फार्म, दुर्गा मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट स्थापित करने के लिए निवेश पर 40 प्रतिशत की दर से 1 करोड़ 27 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई।
आधुनिक डेयरी प्लांट से जिले के 250 किसान जुड़े
नवनीत अग्रवाल ने कहा कि शासकीय योजना से मिले प्रोत्साहन ने उनके व्यवसाय को नई दिशा दी। आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित कर पाश्चुरीकृत दूध सहित दुग्ध उत्पादों का उत्पादन शुरू किया। आज उनके उत्पाद खंडवा शहर के बाजार में उपलब्ध हैं। व्यवसाय के विस्तार के साथ उन्होंने जिले के लगभग 250 किसानों और पशुपालकों को अपने कारोबार से जोड़ा है। किसानों से दूध का संकलन कर उससे विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिन्हें बाजार में विक्रय किया जाता है। इससे स्थानीय स्तर पर दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ पशुपालक किसानों को भी आय का नियमित अवसर मिल है।
अनुदान से स्थापित किया उद्योग, सरकार का जताया आभार
नवनीत अग्रवाल ने “एमएसएमई प्रोत्साहन योजना-2025” के तहत 1.27 करोड़ रुपये के अनुदान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कि शासकीय योजनाओं का उचित लाभ लेकर युवा उद्यमी अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित कर सकते हैं।







