Skip to content
ताज़ा खबर
कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट की शाखाओं का किया औचक निरीक्षणहरदा जिले की संक्षिप्त खबरेंवीरों की स्मृति में पुलिस लाइन हरदा में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रममंत्री विजय शाह ने पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कियाविसर्जन स्थलों पर होमगार्ड्स-एसडीईआरएफ और वॉलंटियर्स मुस्तैदहरदा जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की कलेक्टर प्रतिदिन करेंगे मॉनिटरिंगनवागत कलेक्टर  कुमार सत्यम ने संभाला हरदा जिले का प्रभारमंत्री विजय शाह विजयादशमी पर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन करेंगेतजपुरा में किसान के खेत पर लगे सोलर पंप अज्ञात लोगों ने किया क्षतिग्रस्त, केबल वायरिंग चोरीदुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा पर्व पर हरदा यातायात पुलिस द्वारा विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था
23 Oct 2026 हरदा 24°C

ताज़ा ख़बरें हरदा से

Friday, 23 October 2026
Uncategorized

कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट की शाखाओं का किया औचक निरीक्षण

5 min read
IMG 20261022 WA0093
Text Size:

पावनसिटी हरदा

कार्यालयों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश, नाजिर और नकल शाखा प्रभारी को कारण बताओ नोटिस

हरदा – कलेक्टर  कुमार सत्यम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अव्यवस्थाएं पाए जाने पर नाजिर शाखा के प्रभारी तथा नकल शाखा से संबंधित प्रभारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिला सूचना एवं विज्ञान केंद्र, अपर कलेक्टर कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, भू-अभिलेख, आदिम जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, जनगणना, नागरिक आपूर्ति, आबकारी, जिला शिक्षा केंद्र, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, निर्वाचन शाखा, जिला कोषालय, उप पंजीयक कार्यालय, रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर नाजिर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, नकल शाखा में फोटोकॉपी मशीन उपलब्ध नहीं होने और अभिलेखों की फोटोकॉपी बाहर की दुकानों से कराए जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित प्रभारी अधिकारी को भी नोटिस जारी करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कार्यों में पारदर्शिता एवं सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में रखने तथा उप पंजीयक कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सार्थक ऐप के माध्यम से दर्ज कराने, अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण करने तथा कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर  सत्यम ने स्पष्ट किया कि कार्यालयीन व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने कार्यस्थलों पर साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रखरखाव और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर  पुरुषोत्तम कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के लिए राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न

12 नवंबर को प्रारूप और 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने में सहयोग करने की अपील

हरदा – अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पुरूषोत्तम कुमार ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में बैठक की। बैठक में उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को एएसडीआर की डीवीडी भी उपलब्ध कराई गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में युवा एवं अन्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के उद्देश्य से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 2 नवंबर 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया जाएगा। इसी प्रकार 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। जारी कार्यक्रम अनुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार 28 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा तथा 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 23 अक्टूबर को रहटगांव में लगेगा शिविर

हरदा – ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को रहटगांव में शिविर आयोजित होगा, जिसमें रहटगांव, झाड़बिड़ा, पांढरमाटी, फूलड़ी, गाड़ामोड़खुर्द, छिदगांव तमोली, नजरपुरा, छिरपुरा, आमसागर, बोथी, कासरनी, खमगांव व बड़वानी के ग्रामीण शामिल होंगे। इस शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

कलेक्टर  कुमार सत्यम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के विरूद्ध नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में 9 प्रकरण दर्ज

हरदा – कलेक्टर  कुमार सत्यम के निर्देशन व जिला आबकारी अधिकारी श्री सुनील भोजने के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग के दल नेे बुधवार को मदिरा के अवैध विक्रय, परिवहन व संग्रहण के विरूद्ध कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी  सुनील भोजने ने बताया कि इस दौरान आबकारी विभाग के दल ने जिले के ग्राम कायागांव, हरदा के खेड़ीपुरा मोहल्ला एवं नर्मदा के तटीय क्षेत्र ग्राम नयापुरा, सिंगोन, मेदा व आसपास के संवेदनशील क्षेत्र, ग्राम पचौला व अजनास में दबिश दी।

दबिश के दौरान 24 पाव देशी मदिरा प्लेन, 22 लीटर महुआ शराब, 910 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त कर नदी किनारे झाड़ियों व नालों में छीपाकर रखा गया महुआ लाहन मौके पर विधिवत नष्ट किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत कुल 9 प्रकरण दर्ज किये गये। जप्त मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 97224 रूपये है।

What do you think?

Leave a comment