पावसिटी हरदा
त्योहारी सीजन में अब तक 275 नमूने जांच के लिए भेजे, 11 नमूने पाए गए अवमानक
20 प्रकरणों में 3 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया
हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच एवं नमूना लेने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार 7 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोडलपुर स्थित राठौड़ किराना स्टोर से गुलाबजामुन इंस्टेंट एवं सरसों तेल के नमूने लिए। इसी तरह निशा स्वीट से मावा बर्फी एवं पेड़ा के नमूने लिए गए। टीम द्वारा टिमरनी स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार से मिठाई एवं मावा बाटी तथा गुप्ता मिष्ठान भंडार से नमकीन एवं मावा बर्फी के नमूने भी लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी सीजन को देखते हुए अब तक विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 275 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 35 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिनमें 11 नमूने अवमानक पाए गए हैं। शेष नमूनों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत अब तक 20 प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं। इन 20 प्रकरणों में कुल 3 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जांच और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







