पावनसिटी खंडवा
खंडवा- जिला पंचायत खण्डवा के पुराने सभाकक्ष का पंद्रहवें वित्त आयोग से प्राप्त राशि से जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण कर उसे एक अत्याधुनिक वातानुकूलित सभागार के रूप में विकसित किया गया है। इस नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े ने जिला पंचायत सदस्यों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन गौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर बताया सीईओ डॉक्टर गौड़ा ने बताया कि पूर्व में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके सभाकक्ष का पूर्ण रूप से नवीनीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। सभागार की बैठक क्षमता बढ़ाकर लगभग 300 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। साथ ही इस सभाकक्ष में प्रशिक्षण, कार्यशालाओं, समीक्षा बैठकों, सेमीनारों एवं अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के सफल संचालन हेतु प्रोजेक्टर, कम्प्यूटर सिस्टम, साउंड सिस्टम, आधुनिक मंच व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।जिला पंचायत की साधारण सभा की बैठक में इस नवीन सभागार के उपयोग एवं संचालन संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। निर्णयानुसार अन्य शासकीय विभागों के लिए सभागार का किराया आधे दिवस हेतु ₹2,500 तथा पूर्ण दिवस हेतु ₹3,000 निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार अशासकीय संस्थाओं के लिए आधे दिवस हेतु ₹3,500 तथा पूर्ण दिवस हेतु ₹5,000 किराया निर्धारित किया गया है। सभागार के आरक्षण हेतु कार्यक्रम आयोजित करने वाली संस्था अथवा व्यक्ति को कार्यक्रम की प्रस्तावित तिथि से कम से कम एक सप्ताह पूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खण्डवा को आवेदन प्रस्तुत कर स्वीकृति प्राप्त करनी होगी। निर्धारित किराया राशि जिला पंचायत की लेखा शाखा में जमा कर रसीद प्राप्त करना भी अनिवार्य होगा।
जिला पंचायत द्वारा यह भी निर्णय लिया गया कि नवीन सभागार को शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के लिए प्रशिक्षण, कार्यशाला, समीक्षा बैठक, सेमीनार तथा अन्य रचनात्मक आयोजनों हेतु किराये पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जिले में विभिन्न संस्थागत गतिविधियों को एक उत्कृष्ट एवं आधुनिक मंच उपलब्ध हो सके।
सभागार को किराये पर प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं अधिक जानकारी एवं आरक्षण संबंधी प्रक्रिया हेतु अखिल बिल्लौरे से मोबाइल नंबर 8770015454 पर संपर्क कर सकते हैं।

