पावनसिटी समाचार

वसीम खान

खिलाड़ियों ने जीते छह पदक स्वर्णिम उपलब्धियों से जगमगाया हरदा

एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, बैडमिंटन और टेबल टेनिस में लहराया जीत का परचम

हरदा। मध्यप्रदेश पुलिस की 65वीं अंतरजिला खेलकूद प्रतियोगिता वर्ष 2026 के अंतर्गत 11 जून से 13 जून तक मध्य जोन भोपाल की विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन जिला विदिशा में किया गया। जिला पुलिस बल विदिशा द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हरदा जिले के पुलिस खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदकों पर कब्जा जमाया तथा जिले का गौरव बढ़ाया।

खेल स्टेडियम विदिशा में आयोजित एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में हरदा पुलिस के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए कुल छह पदक अर्जित किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पुलिस विभाग सहित पूरे जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

लगातार तीन स्वर्ण पदक जीतकर छाए आरक्षक जितेंद्र काले 

हरदा पुलिस के आरक्षक जितेंद्र काले ने अपनी शानदार फिटनेस और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर स्वर्णिम हैट्रिक बनाई। तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर उन्होंने हरदा जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया।

 

प्रधान आरक्षक गजेंद्र यादव ने दिखाई ताकत

प्रधान आरक्षक गजेंद्र यादव ने वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम का उत्कृष्ट परिचय दिया।

बैडमिंटन और टेबल टेनिस में चमके प्रधान आरक्षक चंद्रेश बावनवीर 

प्रधान आरक्षक चंद्रेश बावनवीर ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन की पुलिस विभाग और खेल प्रेमियों द्वारा सराहना की जा रही है।

महिला आरक्षक कल्पना रघुवंशी ने बढ़ाया जिले का मान 

महिला वर्ग की 5 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में महिला आरक्षक कल्पना रघुवंशी ने कांस्य पदक जीतकर हरदा जिले का गौरव बढ़ाया। उनकी उपलब्धि महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।

अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ सम्मान समारोह

प्रतियोगिता का सफल आयोजन पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी)  राजेश सिंह चंदेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विदिशा जिले के पुलिस अधीक्षक रोहित कासवानी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे की विशेष उपस्थिति रही। इन वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हरदा जिले के पुलिस अधीक्षक शशांक गर्ग – पुलिस के खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरदा पुलिस के जवान कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।

65वीं अंतरजिला खेलकूद प्रतियोगिता में हरदा पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा अर्जित यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। हरदा पुलिस के इन खिलाड़ियों की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply