पावनसिटी खंडवा
खंडवा – आगामी 9 मई, 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत में रखे जाने वाले न्यायालय में लंबित एनआईएक्ट 138 के चेक बाउंस के प्रकरणों के निराकरण के संबंध में गुरुवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रीसिटिंग बैठक का आयोजन किया गया। जिला न्यायालय खंडवा के कान्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक के दौरान खंडवा, हरसूद एवं पुनासा न्यायालय में लंबित एनआईएक्ट धारा 138 के प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने धारा 138 के प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत के माध्यम से निराकृत किये जाने पर कम्पाउंडिंग शुल्क में मिल रही छूट के बारे में अवगत् कराया। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाना, समय एवं धन की बचत करना तथा आपसी सहमति से विवादों का समाधान करना है। बैठक में जिला न्यायालय खंडवा के विशेष न्यायाधीश एवं समन्वयक नेशनल लोक अदालत श्री उत्सव चर्तुवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, सचिव, जिविसेप्रा श्री पियूष भावे तथा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री रविन्द्र पाथरीकर के साथ-साथ अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

