ग्राहकों को इस विशेष सुविधा का लाभ लेने के लिए लिफाफे के सामने स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में “राखी मेल” लिखना अनिवार्य होगा
खंडवा – रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दूर-दराज रहने वाले भाई-बहनों तक राखी समय पर एवं सुरक्षित पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग द्वारा विशेष “राखी मेल” योजना प्रारंभ की गई है। डाकघर के अधीक्षक खंडवा जिले के डाक विभाग अधीक्षक डीएस चौहान ने बताया कि “राखी मेल” योजना के अंतर्गत राखी भेजने के लिए बुक किए जाने वाले स्पीड पोस्ट लेखों पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जा रही है।
अधीक्षक चौहान ने बताया कि राखी भेजने वाले ग्राहकों को इस विशेष सुविधा का लाभ लेने के लिए लिफाफे के सामने स्पष्ट एवं बड़े अक्षरों में “राखी मेल” लिखना अनिवार्य होगा। “राखी मेल” अंकित नहीं होने पर संबंधित को इस विशेष योजना के अंतर्गत छूट का लाभ नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत एक ग्राहक द्वारा एक बार में अधिकतम 5 स्पीड पोस्ट “राखी मेल” बुक कराए जा सकेंगे। यह सुविधा केवल रिटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। “बुक नाउ पे लेटर” अथवा कॉरपोरेट या बल्क ग्राहकों को इस योजना के अंतर्गत छूट का लाभ नहीं मिलेगा।
अधीक्षक डाकघर श्री चौहान ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी राखियां समय पर भेजें तथा तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय डाक पहुंचाने के लिए स्पीड पोस्ट सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें। खंडवा डाक संभाग के सभी डाकघरों में इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।

