खंडवा- प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त श्री संकेत भोंडवे ने शनिवार को खंडवा के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बैंकर्स को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों द्वारा बैंकों को विभागीय योजनाओं से संबंधित भेजे गए प्रकरणों को पात्रता का परीक्षण करते हुए हितग्राहियों को सहायता राशि स्वीकृत व वितरित करें। बैठक में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौडा, सहायक कलक्टर सुश्री शिल्पा चौहान, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के अलावा जिले की सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी भी मौजूद थे।

आयुक्त  भोंडवे ने इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओंकारेश्वर को निर्देश दिए कि आगामी सिंहस्थ-2028 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए ओंकारेश्वर में पर्याप्त संख्या में सार्वजनिक शौचालयों एवं पेयजल आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि गंदे नालों का पानी किसी भी स्थिति में नर्मदा नदी में ना जाए।

आयुक्त भोंडवे ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से भी लाभान्वित करें, ताकि वे भी छोटा-मोटा व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो सकें। उन्होंने स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड प्रदान करने के निर्देश भी बैंकर्स को दिए। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं को “बैंक सखी” के रूप में प्रशिक्षित किया जाए, तथा सभी नगरीय निकाय बैंकिंग करेस्पॉन्डेंट्स की नियुक्ति करें ।

आयुक्त भोंडवे ने इस अवसर पर निर्देश दिए कि नगरीय निकायों द्वारा बैंकों को निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन भेजे जाएं, ताकि बैंकर्स उनमें से पात्रता के आधार पर लक्ष्य अनुसार हितग्राहियों के प्रकरण स्वीकृत कर सहायता राशि वितरित कर सकें। उन्होंने अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा से कहा कि विकासखंड स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं, और उनमें विभिन्न योजनाओ के तहत बैंकों द्वारा स्वीकृत एवं वितरित प्रकरणों की समीक्षा की जाए। आयुक्त श्री भोंडवे ने निर्देश दिए कि सभी बैंकर्स अपने-अपने क्षेत्र में एक-एक चौराहे के विकास और सौंदर्यीकरण

की जिम्मेदारी लें, और समय-समय पर उनका मेंटेनेंस भी करवाते रहे ।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत नवीन कार्यालय भवन बन चुका है। इसके साथ ही स्टेडियम में पवेलियन निर्माण कार्य लगभग दो करोड रुपए लागत से कराया जा रहा है, तथा 16 दुकाने भी स्टेडियम परिसर में बनाई जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 8 सार्वजनिक शौचालय स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 6 निर्मित हो चुके हैं तथा शेष 2 का कार्य प्रगति पर है।

Leave a Reply