पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा – बाल संरक्षण को मजबूत करने के उद्देश्य से बाल कल्याण समिति खंडवा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जनपद पंचायत सभागृह में बुधवार को एक दिवसीय पॉक्सो सपोर्ट पर्सन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी विशेषज्ञ एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा ने कहा कि पॉक्सो प्रकरणों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और समन्वय अत्यंत आवश्यक है। कार्यशाला में बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने प्रशिक्षण को क्षमता विकास का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि इससे पीड़ित बच्चों को बेहतर सहयोग मिलेगा।
प्रशिक्षण सत्र में एडीपीओ श्री हरिप्रसाद बांके ने पॉक्सो अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के सम्बंध में जानकारी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिसोर्स पर्सन गणेश कनाडे ने विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। किशोर न्याय बोर्ड सदस्य पन्ना गुप्ता ने बाल कल्याण समिति की भूमिका स्पष्ट की। महिला थाना प्रभारी सुलोचना गहलोत ने जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। बाल मनोविज्ञान विषय पर डॉ. संजय इंगले ने काउंसलिंग के दौरान बच्चों की मनोवैज्ञानिक स्थिति को समझने और विश्वास का वातावरण बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

