पावनसिटी खण्डवा
खण्डवा का गौरव दिवस 2 से 4 अगस्त तक मनाया जाएगा। इन 3 दिवसीय आयोजनों की समीक्षा बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 3 अगस्त की शाम को आयोजित फूड फेस्टिवल के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बिल्कुल न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान, एसडीएम खण्डवा श्री ऋषि कुमार सिंघई, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सहित इस आयोजन से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं आयोजन समिति के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
पुरानी कृषि उपज मण्डी परिसर में साफ-सफाई कराएं
बैठक में कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कृषि उपज मंडी के सचिव एवं नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि मंडी परिसर में आयोजित होने वाली चित्रकला प्रतियोगिता से पूर्व मंडी परिसर की साफ सफाई आवश्यक रूप से कराएं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि मैराथन दौड़ में छोटे बच्चों को शामिल न करें, बल्कि कक्षा 9वी से 12वीं एवं कॉलेज के बच्चों को ही शामिल करें।
गुरू पूर्णिमा के भण्डारों में भी सिंगल यूज प्लास्टिक व थर्माकोल का प्रयोग न करने दें
कलेक्टर गुप्ता ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि गुरू पूर्णिमा के अवसर पर खण्डवा शहर में समाजसेवियों द्वारा आयोजित भंडारे में सिंगल यूज प्लास्टिक और थर्माकोल का उपयोग नहीं किया जाए, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने सलाह दी कि भंडारों में पत्तल या केले के पत्ते के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करें, ताकि पर्यावरण प्रदूषण न हो।

