खंडवा – मध्यप्रदेश में “हर घर तिरंगा अभियान” 9 से 17 अगस्त तक जनसहभागिता से आयोजित किया जायेगा। इस दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम एवं परिचर्चा जैसे आयोजन किए जाएंगे। शाम को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री  धर्मेंद्र सिंह लोधी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस अभियान की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाए, तथा इस दौरान तिरंगा वाहन रैली, तिरंगा प्रभात फेरी, सेल्फी विद तिरंगा जैसे आयोजन किए जाएं।

खंडवा कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में मांधाता विधायक नारायण पटेल, खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तनवे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े के अलावा प्रभारी कलेक्टर डोक्टर नागार्जुन गौड़ा भी मौजूद थे। मांधाता विधायक पटेल ने इस अवसर पर बताया कि मांधाता विधानसभा क्षेत्र के किल्लौद, ओंकारेश्वर, मूंदी, नर्मदा नगर एवं पुनासा में तिरंगा अभियान से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ओंकारेश्वर में तिरंगा लगाकर नौका रैली आयोजित की जाएगी।

खंडवा विधायक श्रीमती तन्वे ने इस अवसर पर बताया कि खंडवा विधानसभा क्षेत्र के सभी गांव एवं शहरों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी कलेक्टर डॉ गौड़ा ने इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री लोधी को बताया कि जिले में तिरंगे झंडे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, और इस कार्यक्रम को पूरे गरिमापूर्ण एवं उत्साहजनक ढंग से आयोजित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न को ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के साथ जोड़ा गया है। प्रदेश मे हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त की तिथियों में सभी जिलों में तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा पर प्रश्नोतरी, तिरंगे के लिए स्वयं सेवा, तिरंगा सजावट और प्रकाश व्यवस्था तथा सैन्य बलों के जवानों और पुलिसकर्मियों को ‘पत्र लेखन’ जैसे कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जायेगा। स्थानीय स्व-सहायता समूहो और उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से आम नागरिकों के लिए पर्याप्त मात्रा में खादी और पॉलिएस्टर के राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी।

इस अभियान में तिरंगा बाइक, तिरंगा ई-बाइक, तिरंगा साइकिल रैली, जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्रा, मानव श्रृंखला निर्माण, तिरंगा एंथम आदि महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस अभियान के दौरान नागरिकों द्वारा तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने, एवं सोशल मीडिया हेण्डल पर अभियान का प्रचार-प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा।

Leave a Reply