पावनसिटी खंडवा

खंडवा – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार शनिवार को जिला न्यायालय खंडवा के परिसर में आयोजित नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने लोक अदालत को न्याय प्राप्ति का सरल, सुलभ एवं प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों के आपसी समझौते के आधार पर निराकरण करने के लिए पक्षकारों को प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से समय एवं धन की बचत होती है तथा पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध भी बने रहते हैं। कार्यक्रम के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पियूष भावे ने नेशनल लोक अदालत के उद्देश्य एवं विभिन्न खंडपीठों के गठन की जानकारी दी।

नेशनल लोक अदालत में जिला न्यायालय खंडवा सहित तहसील सिविल न्यायालय हरसूद एवं पुनासा में गठित कुल 21 खण्डपीठों के माध्यम से न्यायालयों में लंबित 454 प्रकरणों का निराकरण कर 3,95,06,140/- राशि का अवार्ड पारित किया गया एवं 1208 प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का निराकरण कर 2,23,02,063/- रकम जमा कराई गई। इस प्रकार कुल 1662 प्रकरणों का निराकरण किया जाकर राशि 6,18,08,203/- की राशि जमा / अवार्ड पारित कराया गया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीश श्री अनिल चौधरी, श्री आशीष प्रताप सिहं, श्री अरविदं सिहं टेकाम, श्री वीरेन्द्र जोशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय, व जिला रजिस्ट्रार श्री अरविन्द्र सिंह सहित समस्त न्यायिक अधिकारी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री रविन्द्र पाथरीकर, सहित बैंक, नगर पालिका, विद्युत कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी सामाजिक कार्यकर्ता, पैरालीगल वालंटियर्स भी उपस्थित थे।

Leave a Reply