आज मैराथन दौड़ और गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा
खण्डवा- हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर 2 से 4 अगस्त तक 3 दिवसीय “खण्डवा गौरव दिवस” कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों के सम्बंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक मे प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने निर्देश दिए कि इन तीन दिवसीय कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए। बैठक में बताया गया कि इस तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन 2 अगस्त को प्रातः 8 बजे से चेम्बर ऑफ कॉमर्स व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मैराथन दौड़ का आयोजन नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक होगा। इसके अलावा 2 अगस्त की शाम को ही गायन प्रतियोगिता “वॉइस ऑफ खंडवा” का फाइनल किशोर कुमार सभागृह में होगा।
स्कूली व कालेज के विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुति नगर निगम के सामने मंच पर 3 अगस्त को सुबह 7:30 बजे से होगी तथा 3 अगस्त की शाम को ही नगर निगम व घंटाघर के पास फ़ूड फेस्टिवल आयोजित होगा तथा केवल राम चौराहे से घंटाघर तक बैंड पार्टियों की प्रस्तुति होगी तथा नगर निगम चौराहे पर बने मंच पर किशोर कुमार के गीतों की आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम आयोजित होगा।
किशोर कुमार के जन्मदिवस पर 4 अगस्त को सुबह 9 बजे से किशोर दा की समाधि पर पुष्पांजलि स्वरांजलि का आयोजन नगर पालिक निगम व किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में होगा। आगामी 4 अगस्त की शाम 7ः30 बजे से किशोर नाईट में ख्यातिप्राप्त गायक पी. गणेश व प्रीति जोशी द्वारा गानों की प्रस्तुति दी जावेगी। इस वर्ष मुम्बई के जाने माने पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में 1 लाख रुपये व ताम्रपत्र के साथ किशोर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा

