जीवन की हर परिस्थिति में सकारात्मकता रखें, तो आनंदमय जीवन जी सकते हैं-कमांडेंट आशीष कुमार कुशवाहा
होमगार्ड्स अधिकारी-कर्मचारियों एवं सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के लिए एक दिवसीय अल्पविराम कार्यशाला आयोजित
खंडवा, – मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग द्वारा होमगार्ड्स विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों, स्वयंसेवी सैनिकों एवं सिविल डिफेंस वालेंटियर्स के लिए एक दिवसीय ‘अल्पविराम’ कार्यशाला का आयोजन शनिवार को जिला पंचायत सभागृह में किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ होमगार्ड्स विभाग के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में भी खुशहाल रहने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण जरूरी है। जीवन में हमारी मदद करने वाले लोगों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करें और अपने कार्य को ही आनंद का माध्यम बना लें, तो जीवन में हमेशा प्रसन्नता और संतोष बना रह सकता है।
कार्यशाला के प्रारंभ में आनंद विभाग का परिचयात्मक वीडियो प्रदर्शित किया गया। इसके बाद मास्टर ट्रेनर श्री प्रमेंद्र अटूट ने ‘आनंद की ओर’ सत्र का संचालन किया। मास्टर ट्रेनर श्रीमती पुष्पा अटूट ने प्रतिभागियों का परिचय लेते हुए ‘जीवन का लेखा-जोखा’ सत्र आयोजित किया। उन्होंने जीवन में खुशहाली के लिए कृतज्ञता, मदद और माफी जैसे भावों से संबंधित चार प्रश्न प्रतिभागियों के समक्ष रखे। प्रतिभागियों की शेयरिंग के माध्यम से उन्होंने प्रतिदिन अपने जीवन का लेखा-जोखा करने की विधि भी समझाई।
मास्टर ट्रेनर श्रीमती मनीषा पाटिल ने कार्यशाला में अपने जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक कहानी साझा की। इससे पूर्व मास्टर ट्रेनर एवं जिला संपर्क व्यक्ति श्री गणेश कानडे ने राज्य आनंद संस्थान का परिचय देते हुए आनंद विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रतिभागियों को प्रेरक वीडियो भी दिखाए गए।
कार्यशाला में होमगार्ड्स के कंपनी कमांडर रविन्द्र महिवाल, प्लाटून कमांडर मनीषा यादव, एसआई अंकेश सोमानी, हवलदार स्टोरमैन नितिन पूरे सहित होमगार्ड्स विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सिविल डिफेंस वालेंटियर्स उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

