सामाजिक न्याय आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने किया हरदा जिले का प्रवास
वृद्धाश्रम और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण
हरदा– सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग मध्यप्रदेश के आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को हरदा जिले का प्रवास किया। प्रवास के दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की तथा विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। आयुक्त श्री तिवारी ने जिले में संचालित स्थानीय वृद्धाश्रम एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं, हितग्राहियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन का जायजा लिया। उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों से चर्चा कर उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में हितग्राहियों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया।
ई-ऑफिस प्रणाली की सराहना
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने पाया कि हरदा जिले में विभाग के अधिकांश शासकीय कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किए जा रहे हैं। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग को एक अच्छी एवं सराहनीय पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस से कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और निगरानी बेहतर होती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। विशेष रूप से दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के कल्याण से संबंधित सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
ई-एचआरएमएस पर उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों की प्रशंसा
इस अवसर पर ई-एचआरएमएस पोर्टल पर मध्यप्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कर्मचारियों श्री अभिषेक साहू एवं श्री पवन किरार के कार्यों की आयुक्त द्वारा विशेष रूप से सराहना की गई। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होती है।आयुक्त श्री तिवारी ने हरदा जिले में विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए
प्रधान जिला न्यायाधीश रघुवंशी ने जिला जेल का किया औचक निरीक्षण, विधिक जागरूकता शिविर भी लगाया गया
बंदियों को उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता की जानकारी दी गई
हरदा – प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी ने शनिवार को जिला जेल, हरदा का औचक निरीक्षण किया। जेल निरीक्षण के दौरान बैरक में निरुद्ध सभी बंदियों से मुलाकात कर उनके प्रकरण में ़अधिवक्ता नियुक्त है या नहीं, चिकित्सक द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है या नहीं, परिवारजनों से मिलने दिया जा रहा है या नहीं, न्यायालय में पेशियां हो रही है या नहीं, बंदियों के रहन-सहन, खान-पान, साफ सफाई, आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जेलों के लिए बनाए गए या जारी किए गए सभी नियमों, विनियमों, निर्देशों और आदेशों का पालन विधिवत किया जा रहा है तथा उन्हें लागू किया जा रहा है या नहीं, इस संबंध में निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला जेल में संचालित लीगल एड क्लीनिक एवं पुरुष एवं महिला बैरकों का भी निरीक्षण कर बंदियों को प्राप्त होने वाली मूलभूत सुविधाओं जैसे रसोई घर, पीने के पानी, बैरकों में साफ-सफाई, बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं, भोजन व्यवस्था इत्यादि का निरीक्षण किया गया तथा पाकशाला में निर्मित भोजन की गुणवत्ता की जांच भी की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, मुलाकात कक्ष, डिस्पेंसरी, लीगल एड हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि जेल में कुल 225 बंदी (31 दंडित, 194 विचाराधीन बंदी) निरुद्ध हैं जिनमें से 219 पुरुष एवं 6 महिलाएं हैं जबकि जेल में बंदियों हेतु क्षमता 90 बंदियों की हैं। जेल में क्षमता से अधिक बंदी निरूद्ध है। निरीक्षण के दौरान जेल में 18 वर्ष से कम आयु का कोई बंदी परिरूद्ध होना नहीं पाया गया। जेल निरीक्षण के दौरान कोई ऐसा बंदी नहीं पाया गया जो कि उसकी सजा पूर्ण होने के उपरांत भी जेल में निरूद्ध है। निरीक्षण उपरांत जेल में कोई जातिगत भेदभाव नहीं होना पाया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जेल में विधिक जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में श्री रघुवंशी ने जेल मेें स्थापित लीगल एड क्लीनिक, टोल फ्री नंबर 15100, निःशुल्क विधिक सहायता योजना के माध्यम से अधिवक्ता नियुक्ति, अपील प्रस्तुति, जमानत आवेदन प्रस्तुति, जमानत के बाद भी जेल में निरूद्ध बंदियों, सजा पूरी होने के बाद भी जेल में निरूद्ध बंदियों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई एवं उपस्थित बंदियों को अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, बंदियों के अधिकार, प्री-मेचौर रिलीज, अन्य महत्वपूर्ण रिट याचिकाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरदा श्री लवकेश सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदा श्री चन्द्रशेखर राठौर, जिला विधिक सहायता अधिकारी हरदा श्री सौरभ कुमार दुबे, अधीक्षक जिला जेल हरदा श्री दिलीप सिंह, जेल स्टॉफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल्स, पैरालीगल वॉलेंटियर उपस्थित
बारिश के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने की अपील – पानी जमा न होने दें, मच्छरों को पनपने का मौका न दें
हरदा,- जिले में हो रही बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर पानी एकत्रित होने से मच्छरों की संख्या में वृद्धि की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि जलजमाव से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने आमजन से अपने घरों और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने देने की अपील की है। उन्होने सलाह दी है कि गमलों, कूलर, पानी की टंकियों, पुराने बर्तनों, टायरों तथा कबाड़ में पड़े ऐसे सामान जिनमें वर्षा का पानी एकत्रित हो सकता है, उनकी नियमित रूप से साफ-सफाई एवं निगरानी करें। जहाँ पानी खाली करना संभव न हो, वहाँ जला हुआ मोबिल ऑयल डाला जा सकता है।
लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
सीएमएचओ डॉ. सिंह ने कहा कि यदि किसी को तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते पड़ना, नाक अथवा मसूड़ों से रक्तस्राव जैसे संदिग्ध लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर जांच एवं आवश्यक उपचार कराएं। समय पर जांच और उपचार से मच्छर जनित बीमारियों की गंभीरता को कम किया जा सकता है।
बचाव के उपाय अपनाने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरों से बचाव के लिए फुल आस्तीन के कपड़े पहनने, रात्रि में सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा आवश्यकतानुसार मॉस्किटो कॉइल जैसे घरेलू उपाय अपनाने की सलाह दी है। साथ ही शाम के समय नीम की पत्तियों का धुआं करने जैसे पारंपरिक उपाय भी प्रभावी बताए गए हैं।उन्होंने कहा कि घर एवं आसपास पानी को लंबे समय तक जमा न होने देना डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की उत्पत्ति रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है, इसके लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है।
पिछले 24 घंटों में जिले में 15 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
हरदा – जिले में गत चौबीस घंटों में 15 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया गत चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 22.8 मि.मी., टिमरनी में 25.4 मि.मी., खिरकिया में 15.6 मि.मी., सिराली में 10.5 मि.मी. तथा रहटगांव में 1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक जिले में 722.1 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 738.4 मि.मी., टिमरनी में 757.9 मि.मी., खिरकिया में 830.6 मि.मी., सिराली में 665.8 तथा रहटगांव में 618 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 19 सितम्बर तक 1068.2 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।

