रुस्तमपुर स्कूल की छात्राओं ने पेड़ पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया

प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना विकासखंड के शासकीय उच्मध्यमिक विद्यालय रुस्तमपुर में छात्राओं ने

पेड़ पौधों को राखी बांधकर रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व मनाया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। प्राचार्य  राधेश्याम जोशी ने बताया कि विद्यालय के पर्यावरण क्लब के अंतर्गत आयोजित इस अभिनव गतिविधि में विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के लगभग 200 वृक्षों को राखी बाँधी और उनके संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। स्कूल के विद्यार्थियों ने पेड़ों को केवल वनस्पति न मानकर जीवनदाता और परिवार के सदस्य के रूप में स्वीकार करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि राखी का पर्व आमतौर पर भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक माना जाता है, लेकिन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुस्तमपुर के विद्यार्थियों ने इस भावना को एक अनूठा पर्यावरणीय रूप देते हुए पेड़ों की कलाई पर राखी बाँधकर प्रकृति के साथ संरक्षण का रिश्ता कायम किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के व्यवहार और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए ऐसी गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

स्कूल की शिक्षिका श्रीमती श्रद्धा गुप्ता की पहल पर आयोजित इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस गतिविधि का विशेष पक्ष यह रहा कि इसमें विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के बारे में केवल जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि उन्हें प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए संरक्षण की जिम्मेदारी का प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया गया।

Leave a Reply