*हितग्राहियों को मिले हितलाभ, आमजन की समस्याओं का हुआ निराकरण*हरदामुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गुरूवार को टिमरनी के फारेस्ट डीपो नीलामी हॉल में क्लस्टर स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान किये गये। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष देवेन्द्र भारद्वाज, कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक  शशांक, भारतीय वन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी  विशाल, अपर कलेक्टर सुश्री अनुपमा चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित मिश्रा, एसडीएम टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष  देवेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। आमजन से अपेक्षा है कि इस अभियान का लाभ उठाएं।
कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन ने कहा कि शिविर स्थल पर फार्मर रजिस्ट्री, समग्र व आधार में सुधार, आयुष्मान कार्ड तैयार करने जैसे कार्य किये जा रहे है, जिससे ग्रामीण अपने कार्य स्थानीय स्तर पर करा सकते हैं। उन्होने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समिति में अपनी सदस्यता अवश्य लें ताकि उर्वरक सुगमता से मिल सके। कलेक्टर ने बताया कि शिविर में 184 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका समय सीमा में निराकरण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने आमजन से दुपहिया वाहन पर हेल्मेट लगाने एवं कार में सीट बेल्ट अवश्य उपयोग करने की अपील की ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। उन्होने सायबर फ्राड से बचने के लिये भी आमजन को जागरूक किया।
*हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण*
क्लस्टर स्तरीय जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के हितलाभ का वितरण किया गया। इस दौरान पीएम आवास योजना के तहत 20 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, पीएम स्वनिधि योजना के तहत 12 हितग्राहियों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 4 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किये गये। इसके अलावा कार्यक्रम में 9 हितग्राहियों को जाति प्रमाण-पत्र, 8 हितग्राहियों को खसरा नकल, एक हितग्राही को वृद्धावस्था पेंशन, 2 कृषकों को जैविक खेती प्रोत्साहन प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। इस दौरान 45 संबल पंजीयन कार्ड तथा 2 प्रकरणों में अनुग्रह सहायता स्वीकृति पत्र भी प्रदान किये गये।
*अधिकारियों ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी*
क्लस्टर स्तरीय शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के स्टाल भी लगाये गये थे। साथ ही आधार कार्ड पंजीयन शिविर, स्वास्थ्य शिविर, फार्मर आईडी बनाने हेतु राजस्व शिविर भी आयोजित किये गये थे।
*उद्यम संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा किये अनुभव*
जन विश्वास कार्यक्रम में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम के तहत उद्यमियों से संवाद किया गया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत हितग्राही श्री दीनदयाल ठाकुर, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत मोहनीत दास महंत ने पैट्स व्यवसाय व श्री संदीप ने डीजे साउण्ड सर्विस के अपने अनुभवों व योजना से प्राप्त लाभ की जानकारी को साझा किया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में कृषि विभाग टिमरनी द्वारा जैविक हाट बाजार के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राही श्री उपेन्द्र मिश्रा ने अपने अनुभव साझा किये। मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता प्राप्त श्रीमती सीतू राठौर ने भी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष  देवेन्द्र भारद्वाज, कलेक्टर  सिद्धार्थ जैन व एसपी  शशांक सहित जनप्रतिनिधियों ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

Leave a Reply