हर्षोल्लास और आपसी सद्भाव से मनाएं गणेशोत्सव एवं नवरात्रि पर्व शांति से साथ मनाएं।
खण्डवा, आगामी दिनों में मनाए जाने वाले गणेश उत्सव एवं नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए गुरुवार शाम को कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान, नवागत अपर कलेक्टर क्षितिज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर, एसडीएम खंडवा ऋषि सिंघई, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत के अलावा सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर सिंह तथा शांति समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने सभी से अपील की कि आने वाले दिनों में सभी त्योहार आपसी सद्भाव और परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि त्यौहारों पर होने वाले आयोजनों में डीजे साउंड सिस्टम का कम से कम प्रयोग कर ध्वनि प्रदूषण को रोका जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी सोशल मीडिया पर विवादास्पद संदेशों को किसी भी स्थिति में शेयर न करे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्यौहारों के दौरान शहर की सड़कों की रिपेयरिंग, साफ सफाई, स्ट्रीट लाइट तथा जल प्रदाय व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव एवं नवरात्रि पर्व के पांडालों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी से अपील की कि नवरात्रि एवं गणेश उत्सव के दौरान प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्ति के स्थान पर मिट्टी की प्राकृतिक रंगों वाली मूर्ति ही स्थापित करें। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओ के लिए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक जैन ने इस अवसर पर कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई मैसेज पोस्ट या शेयर न किया जाए जिससे कि शहर का माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि शहर का माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने बैठक में कहा कि त्योहारों के अवसर पर सभी जुलूस और चल समारोह पूर्व निर्धारित मार्ग और पूर्व निर्धारित समय से ही निकले यह सुनिश्चित किया जाए।

