पावनसिटी खण्डवा
संपादक सैयद अशफाक अली
मो. 9425045481
खण्डवा – कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं, और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। जनसुनवाई में पंधाना विकासखंड की ग्राम पंचायत जिरवन के उप सरपंच ने कलेक्टर गुप्ता को आवेदन देकर चारखेड़ा से जिरवन मार्ग निर्माण के संबंध में अनुरोध किया जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए
इसके अलावा ग्राम भैंसावा के ग्रामीणों ने गांव में खुले में कच्ची शराब विक्रय संबंधी शिकायत कलेक्टर श्री गुप्ता से की, जिस पर उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर गुप्ता को जनसुनवाई में आवेदन देकर शिकायत की कि उन्हें ईट, कवेलू, मूर्ति तथा मटका निर्माण के लिए मिट्टी खोदने की समस्या आती है। कुम्हारो के लिए नागचून तालाब से टीटगांव रोड पर 8 एकड़ जमीन मिट्टी के उपयोग के लिए दी गई थी। लेकिन वन विभाग द्वारा मिट्टी नहीं खोदने दी जा रही है, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने तहसीलदार खंडवा को मौके का स्थल निरीक्षण कर समय सीमा में इस मामले का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में खंडवा निवासी किशोर हरिरामानी ने अपने आधार कार्ड में गलत नाम को सुधरवाने के संबंध में कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि नाम गलत होने से उसे काफी समस्याएं आ रही है। जिस पर उन्होंने जिला ई गवर्नेंस मैनेजर को समय सीमा में आवेदक का आधार पंजीयन में नाम सुधरवाने के निर्देश दिए।
ग्राम भामगढ़ निवासी परशुराम ने कलेक्टर गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि पिछले दिनों उसकी 5 एकड़ भूमि पर लगी गेहूं की फसल में अचानक आग लग जाने से जलकर नष्ट हो गई है । इस संबंध में फसल की बीमा राशि भी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। जिस पर उन्होंने अपर कलेक्टर को मामले की जांच कर पात्रता अनुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत नहल्दा के ग्राम भंडारिया के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि पंचायत द्वारा ग्राम भंडारिया में शासकीय निधि से ट्यूबवेल खनन कराया गया था जिस पर गांव के ही ओमप्रकाश पिता ताराचंद यादव द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है और ग्रामीणों को पानी भरने से रोका जा रहा है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने एसडीएम खंडवा को ट्यूबवेल को अतिक्रमण मुक्त कराकर ग्रामीणों के लिए पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत देशगांव के ग्राम गढ़बेड़ा टोला के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर अनुरोध किया कि उनके गांव में 10 दिन पहले हुई तेज बारिश के कारण उनके घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं मकान निर्माण के लिए राहत राशि दिलाई जाए । जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने अपर कलेक्टर को मामले की जांच कर राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत पात्रता अनुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम नहाल्दा के ग्रामीणों ने पंचायत की सरपंच द्वारा ग्रामीण विकास कार्यों में अनियमितता संबंधी शिकायत की, जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों की विस्तृत जांच करवाने, तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

