खण्डवा 22 सितंबर 2026,कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं, और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला, अपर कलेक्टर क्षितिज शर्मा, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान जनसुनवाई में आवेदक छन्नू पिता नंदु मंसुरी निवासी छैगांवमाखन ने आवेदन देकर बताया कि कृषि भूमि पर भू-स्वामी द्वारा प्लाट काटे गए हैं एवं ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत द्वारा सीसी सड़क और नाली निर्माण इस भूमि पर किया जा रहा है, जो कि न्याय संगत नहीं है। जिस पर कलेक्टर श्री ऋषभ गुप्ता ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी को मामले की जांच कर समस्या का निराकरण करने के लिए कहा है।
आवेदक परमु पिता शंकर निवासी ईटवा रैयत ने आवेदन देकर कहा कि जिला सहकारी बैंक शाखा बलवाड़ा के कर्मचारियों द्वारा बिना सूचित किया फर्जी साइन कर किसी अन्य व्यक्ति को खाद बेच दिया है इसकी जानकारी मुझे नहीं है जिला सहकारी बैंक के कर्मचारियों द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी की गई है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारी को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
नहल्दा पंचायत के ग्राम भंडारिया के ग्राम वासियों ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए शासकीय निधि से एक बोरिंग का खनन कराया गया था जिस पर ग्राम के ही ओमप्रकाश पिता ताराचंद यादव द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर ग्रामीणों को पानी भरने से रोका जा रहा है। जिस पर कलेक्टर से ऋषभ गुप्ता ने संबंधित अधिकारी को जांच कर समस्या को हल करने के निर्देश दिए।

