खण्डवा – ट्राइफेड के सौजन्य से किशोर कुमार सभागृह में गुरूवार को जनजातीय शिल्पकार पंजीयन मेला आयोजित किया गया। इस मेले का उद्देश्य देशभर के जनजातीय शिल्पकारों का पंजीयन कर उन्हें ट्राइफेड से जोड़ना तथा उनके हस्तशिल्प एवं हस्तकरघा उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सम्बोधित करते हुए कहा कि जिसके कार्य में दक्षता होगी वही इसका लाभ ले सकेगा, क्योंकि अच्छी गुणवत्ता वाली वस्तुएं सभी लोग खरीदते हैं। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस दौरान ट्राईफेड द्वारा जनजातीय शिल्पकला सम्बंधी उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में ट्राइफेड के श्री योगेश यादव ने ट्राइफेड की योजनाओं, उत्पाद क्रय प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों, डिजाइन विकास, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन प्रक्रिया के सम्बंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी पूरे मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित की जा रही है।

