पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में सिंहस्थ-2028 हेतु विशेष प्रशिक्षण का शुभारंभ

आगामी वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कंट्रोल रूम हरदा में 06 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला

द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हरदा श्री शशांक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी श्रीमती अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर, थाना प्रभारी कोतवाली श्री रोशनलाल भारती, थाना प्रभारी सिविल लाइन श्री आर.एस. तिवारी, यातायात प्रभारी सूबेदार उमेश ठाकुर सहित जिले के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल (विसबल), होमगार्ड तथा विभिन्न शाखाओं एवं कार्यालयों में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था के प्रभावी संचालन हेतु पुलिस बल को आवश्यक दक्षता एवं व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उज्जैन का ऐतिहासिक एवं भौगोलिक परिचय, भीड़ नियंत्रण एवं जनसमूह प्रबंधन की आधुनिक तकनीकें, आतंकवादी एवं नक्सली संगठनों की गतिविधियों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपाय, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सिंहस्थ महापर्व विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां करोड़ों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। ऐसे विशाल आयोजन में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकेंगे तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में हरदा पुलिस द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की कार्यकुशलता, समन्वय क्षमता एवं आपदा प्रबंधन कौशल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है , जिससे आगामी सिंहस्थ-2028 में उत्कृष्ट पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply