खंडवा- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा द्वारा ‘उल्लास—एक अभिनव प्रयोग’ कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को न्यायालयीन कर्मचारियों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में किया गया।
इस प्रतियोगिता में न्यायालयीन कर्मचारियों के कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययनरत बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा को रंगों और चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली तथा उन्होंने पूरे मनोयोग से अपनी-अपनी कलाकृतियां तैयार कीं। प्रतियोगिता के लिए बच्चों को उनकी कक्षा के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में विषय दिए गए। कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों के लिए विषय स्वैच्छिक रखा गया, जिससे वे अपनी रुचि एवं कल्पना के अनुरूप चित्र बना सकें। कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ भारत अभियान तथा झरने और पहाड़ जैसे विषय निर्धारित किए गए। वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत तथा विविधता में एकता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषय रखे गए।
प्रतियोगिता में बच्चों ने केवल रंगों का प्रयोग ही नहीं किया, बल्कि अपनी चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय विकास, प्रकृति प्रेम और सामाजिक एकता जैसे महत्वपूर्ण संदेशों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खंडवा संजीव श्रीवास्तव ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें अपनी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के अंदर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। आवश्यकता इस बात की है कि बच्चे अपनी रुचि को पहचानें, उसे विकसित करें और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान विशेष न्यायाधीश उत्सव चतुर्वेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ठाकुर प्रसाद मालवीय, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पियूष भावे, जिला विधिक सहायता अधिकारी दिलावर सिंह सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित थे।

