खंडवा में महापौर श्रीमती यादव ने और मूंदी में विधायक पटेल ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
खंडवा – खंडवा में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रोटरी स्कूल कल्याणगंज में नगर निगम महापौर श्रीमती अमृता यादव ने किया। महापौर श्रीमती अमृता यादव ने पालकों से अपील की कि जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इस अवसर पर टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवार, सीबीएमओ डॉ. एन.के. सेठीया सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंदी में मांधाता विधायक नारायण पटेल ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल के बी ब्लॉक में सिविल सर्जन डॉ. संजय दीक्षित एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण वास्केल ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।







