पावनसिटी हरदा
मो. 9425045481
सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने यातायात पुलिस, थाना हंडिया एवं NHAI ने किया संयुक्त निरीक्षण
दुर्घटना की पुनरावृत्ति वाले स्थलों का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों को चिन्हित कर , आवश्यक सुधार कार्यों की तैयार की रूपरेखा
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के पालन में , पुलिस अधीक्षक हरदा अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरदा श्री अमित मिश्रा के मार्गदर्शन में आज दिनांक 20.11.2026 को यातायात पुलिस हरदा, थाना हंडिया एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम द्वारा थाना हंडिया क्षेत्रांतर्गत सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति वाले स्थलों का निरीक्षण किया गया।
जिले में वर्ष 2026 के दौरान गत वर्ष 2025 की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में वृद्धि परिलक्षित हुई है। इसे दृष्टिगत रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से दुर्घटना संभावित एवं बार-बार दुर्घटनाएं घटित होने वाले स्थलों का निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का पता लगाने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने की पहल की गई है।
संयुक्त टीम द्वारा थाना हंडिया क्षेत्रांतर्गत कोलीपुरा टप्पर, कुसिया, बागरूल एवं कबिट वाला नाला सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, यातायात संकेतकों, चेतावनी बोर्ड, रोड मार्किंग एवं अन्य तकनीकी कमियों का अवलोकन कर दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का चिन्हांकन किया गया। निरीक्षण में चिन्हित कमियों के आधार पर संबंधित स्थलों पर आवश्यकतानुसार चेतावनी बोर्ड, सड़क संकेतक, रोड मार्किंग,एप्रोच रोड, मीडियन, कैट आई,रंबल स्ट्रिप ,ग्रामीण सड़क पर स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता एवं अन्य सुरक्षा संबंधी सुधार कार्य कराए जाने की रूपरेखा तैयार की गई। इन कार्यों को संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से कराया जाएगा।
इस अभियान के प्रथम चरण में थाना हंडिया क्षेत्र के दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया है। आगामी दिनों में इसी प्रक्रिया के तहत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी दुर्घटना संभावित एवं दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति वाले स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराई जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण में थाना यातायात हरदा से यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक सुश्री वर्षा गौर, थाना हंडिया से थाना प्रभारी निरीक्षक श्री आर.पी. कवरेती एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) प्रबंधक श्री दीपक कुमार एवं दोनो विभागों के स्टाफ की सहभागिता रही ।







