पावसिटी हरदा
मो. 9425045481
हरदा- कलेक्टर कुमार सत्यम ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार एवं श्रीमती अनुपमा चौहान, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा शैलेन्द्र बड़ोनिया सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम कचबैड़ी निवासी मोहनलाल ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध कब्जे के संबंध में शिकायत की, जिस पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरदा को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम कायागांव निवासी दीपक ने नक्शा दुरूस्त कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम टेमागांव निवासी मालतीबाई ने जमीन का पट्टा प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर तहसीलदार टिमरनी को आवेदिका की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम गोंदागांवकला निवासी ओमप्रकाश शर्मा ने ड्रोन सर्वे में छूटे हुए मकान का पट्टा बनवाने तथा ई-स्वामित्व रजिस्ट्री कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार टिमरनी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम पिपल्या निवासी समोताबाई ने गत 4 माह से वृद्धावस्था पेंशन की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया में तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र का हुआ शुभारंभ
हरदा- राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया में तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि कलेक्टर कुमार सत्यम के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिले में तम्बाकू मुक्त युवा अभियान संचालित किया जा रहा है। हंडिया में तम्बाकू व्यसन मुक्ति केन्द्र के माध्यम से तंबाकू की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं आवश्यकतानुसार निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी की दवाइयाँ उपलब्ध कराई जाएँगी, जिससे उन्हें तंबाकू की लत से मुक्ति पाने में सहायता मिल सके। शुभारंभ के अवसर पर बीएमओ डॉ. अखिल बिश्नोई, जिला नोडल अधिकारी तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. पियूष दोगने, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम खोदरे एवं डॉ. संदीप पटेल उपस्थित रहे।
किसान जागरूकता और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने गांवों में आयोजित होंगी किसान चौपाल
18 से 20 नवंबर तक तीनों विकासखंडों में होंगे आयोजन
किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर लिए जाएंगे आवेदन
हरदा,- जिले में किसानों को शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, मॉनीटरिंग एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिला पंचायत द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से किसानों एवं ग्रामीणजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को विकासखंड हरदा की ग्राम पंचायत खामापड़वा में हनुमान मंदिर के पास टिन शेड में, 19 नवंबर को विकासखंड टिमरनी की ग्राम पंचायत झाड़बीड़ा के प्राथमिक शाला प्रांगण में तथा 20 नवंबर को विकासखंड खिरकिया की ग्राम पंचायत खुदिया के हाई स्कूल प्रांगण में किसान चौपाल आयोजित होगी। खुदिया में चौपाल का आयोजन मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के कार्यक्रम के अंतर्गत किया जाएगा। सभी स्थानों पर चौपाल का समय शाम 4 बजे निर्धारित किया गया है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नरोत्तम भार्गव ने बताया कि किसान चौपाल में उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि अभियांत्रिकी, राजस्व, मत्स्य, कृषि उपज मंडी, बैंक एवं सहकारिता, विद्युत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। चौपाल में कृषि विभाग द्वारा नरवाई जलाने पर प्रतिबंध, हैप्पी सीडर एवं सुपर सीडर के उपयोग, खाद-बीज विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा मृदा परीक्षण के संबंध में जानकारी दी जाएगी। उद्यानिकी विभाग द्वारा फसलोत्तर प्रबंधन, क्लस्टर आधारित उद्यानिकी फसलों के विस्तार, एआईएफ योजना तथा औषधीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाएगा।
चौपाल में सहकारिता विभाग द्वारा अल्प अवधि फसल ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड तथा पैक्स के माध्यम से डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। मत्स्य विभाग द्वारा मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्योद्योग नीति-2026, मछली पालन एवं केज कल्चर को बढ़ावा देने संबंधी जानकारी दी जाएगी। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा हिरण्यगर्भा अभियान, नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, लखपति गोपालन दीदी नवाचार तथा बकरी, मुर्गी एवं गाय पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
विद्युत विभाग द्वारा विद्युत प्रदाय, सब्सिडी एवं छूट, बिजली बिल संबंधी समस्याओं के निराकरण तथा कुसुम योजना की जानकारी दी जाएगी। जल संसाधन विभाग द्वारा ओसरा बंदी, नहरों पर स्थापित कैमरों, जल संरक्षण के उपायों, बोरी बंधान, कूप एवं हैंडपंप रिचार्ज तथा तालाब निर्माण के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा राजस्व विभाग द्वारा स्वरोजगार ऋण योजनाओं, स्व-सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल बीमा योजना एवं स्वामित्व योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी एवं आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
चौपाल में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करेंगे तथा प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026, नई दिल्ली में दिखेगी जिले की 2 इकाइयों की झलक
हरदा- 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 का आयोजन 13 से 27 नवम्बर तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में किया जा रहा है, जिसमें प्रदर्शनियों का आयोजन 13 से 17 नवम्बर एवं 18 से 27 नवम्बर तक दो भिन्न भाग में किया जाएगा। इस ट्रेड फेयर में हरदा जिले से 2 एमएसएमई इकाइयां 18 से 27 नवम्बर 2026 तक सम्मिलित होंगी, जिसमें छिदगांव मेल स्थित बांसकारी टेक्नोलॉजी सेन्टर कम सीएफसी से श्री अर्पित बछोतिया अपने बांस उत्पादों (वोवन लैंटर्न, लैम्प्स, बास्केट्स, प्लांटर्स, बम्बू रेवलाईनर्स आदि) एवं रहटगाँव स्थित प्रकृति प्रिविलेज से श्री प्रदीप सिटोके अपने हैंडमेड प्रोडक्ट्स (प्रिंटेड बैग्स, दुपट्टे, साड़ियाँ, जूट फाइल्स आदि) के साथ ट्रेड फेयर की रौनक बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
हरदा में 18 एवं 19 नवंबर को दो दिवसीय एमएसएमई कंपोजिट वर्कशॉप का होगा आयोजन
हरदा- भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा विश्व बैंक समर्थित रेम्प योजना के अंतर्गत हरदा में 18 एवं 19 नवंबर को दो दिवसीय एमएसएमई कंपोजिट वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। महाप्रबन्धक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र हरदा ने बताया कि वर्कशॉप का आयोजन होटल सयाजी, हरदा में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जाएगा। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को शासन की विभिन्न योजनाओं, आधुनिक तकनीकी सुविधाओं, गुणवत्ता प्रमाणन, वित्तीय सहायता एवं बाजार से जुड़ने के अवसरों की जानकारी प्रदान करना है।
इस कार्यशाला के माध्यम से उद्यमियों को अपने व्यवसाय के विस्तार एवं विकास के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों के लिए उद्यम पंजीयन, जेड पंजीयन एवं ओएनडीसी ऑनबोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त जेड सर्टिफिकेशन हेण्डहोल्डिंग, ईएसजी एवं आरईसीपी सत्र, एसएचजी फार्मलाइजेशन सेशन, फाइनेंशियल क्लिनिक तथा बीआईएस सर्टिफिकेशन सेशन का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यशाला में वॉक-इन एवं कियोस्क सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से उद्यमी मौके पर ही विभिन्न पंजीयन एवं संबंधित सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्य प्रदेश शासन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। जिले के समस्त उद्यमियों, नवीन उद्यम स्थापित करने के इच्छुक युवाओं, महिला स्व-सहायता समूहों एवं अन्य इच्छुक हितग्राहियों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस दो दिवसीय कार्यशाला में सम्मिलित होकर उपलब्ध सुविधाओं एवं मार्गदर्शन का लाभ उठाएं।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 20 नवम्बर को खुदिया में लगेगा शिविर
हरदा- ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। इसी क्रम में 20 नवम्बर को खिरकिया विकासखण्ड के ग्राम खुदिया में शिविर आयोजित होगा, जिसमें खुदिया, पटाल्दा, जूनापानी पकड़ाई, सांवरी, मकड़ाई, जामूखो, गोमगांव, आमाखाल, पिपल्या खुदिया, महेन्द्रगांव, बावड़िया नवीन व धनकार के ग्रामीण शामिल होंगे। इस शिविर में उद्यम संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर कुमार सत्यम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत 20 नवंबर को बाईक रैली का आयोजन
हरदा – जिला न्यायाधीश व सचिव जिला विधिक सेवा प्रधिकरण श्री सुरेश कुमार सुर्यवंशी ने बताया कि 14 से 20 नवम्बर तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत 20 नवंबर 2026 शुक्रवार को समय प्रातः 10 बजे बाईक रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बाईक रैली का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री अरविंद रघुवंशी द्वारा किया जायेगा। यह बाईक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर नारायण टॉकीज, पुरोहित मिष्ठान (चाण्डक चौराहा) चौराहा से टांक चौराहा होते हुए, परशुराम चौक, पावनी डेयरी के सामने स्थित सब्जी मण्डी से होते हुए अंबेडकर चौक से वापस जिला न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर आकर समाप्त होगी। इस बाईक रैली में सभी पत्रकार बंधु को सादर आमंत्रित किया गया है।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन और ब्लॉकों में तय दिनों पर मिलेंगी नसबंदी सेवाएं
हरदा- परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत जिले में महिला एवं पुरुष नसबंदी सेवाओं और परिवार नियोजन के साधनों के परामर्श को सुचारू बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अब जिला चिकित्सालय हरदा में प्रतिदिन और जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सप्ताह के निर्धारित दिनों पर विशेषज्ञ सर्जन अपनी सेवाएं देंगे। जिला चिकित्सालय हरदा में हितग्राहियों को प्रतिदिन नसबंदी एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चार सर्जनों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें डॉ. विपिन जैन एलटीटी, सीटीटी एवं एनएसव्हीटी सर्जन, डॉ. आभा जैन सीटीटी सर्जन, डॉ. मीनाक्षी पटेल सीटीटी सर्जन तथा डॉ. नवीन चौधरी सीटीटी सर्जन शामिल हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के हितग्राहियों की सुविधा के लिए सर्जन विशेषज्ञ डॉ. विपिन जैन को सप्ताह के तय दिनों पर विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में सेवाएं देने हेतु आदेशित किया गया है, जिसके तहत सिराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रत्येक मंगलवार को, खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रत्येक गुरुवार को, टिमरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रत्येक शुक्रवार को तथा हरदा जिला चिकित्सालय में प्रत्येक शनिवार को सेवाएं दी जाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने पात्र दंपत्तियों और हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर परिवार कल्याण की निःशुल्क सेवाओं एवं परामर्श का लाभ उठाएं।







