पावनसिटी हरदा
मो. 9425045481
बिजली संबंधी समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
सम्पर्क अभियान-2026 के तहत हरदा, खिरकिया सहित छह स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर
हरदा- विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण और बिजली सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हरदा उत्तर संभाग द्वारा सम्पर्क अभियान-2026 के अंतर्गत 21 नवंबर को जिले में विशेष विद्युत उपभोक्ता समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कंपनी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर को हरदा शहर में नगर पालिका के पास, हरदा उत्तर संभाग के अंतर्गत काकरदा, हरदा दक्षिण के अंतर्गत रान्याखेड़ी, खिरकिया में वार्ड क्रमांक-04, चारूवा में जमनिया खुर्द तथा मसनगांव में भागपुरा में शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर में इन समस्याओं का होगा निराकरण
शिविर में उपभोक्ताओं की विद्युत बिल संबंधी शिकायतों, गलत या अधिक बिल, मीटर संबंधी समस्याओं, नाम एवं भार परिवर्तन, नवीन विद्युत कनेक्शन तथा लंबित कनेक्शन प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा बकाया राशि की जानकारी सहित अन्य बिजली संबंधी शिकायतों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करें तथा उपभोक्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें।
कंपनी ने जिले के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 21 नवंबर को अपने क्षेत्र के निर्धारित शिविर स्थल पर पहुंचकर बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं और सम्पर्क अभियान-2026 का लाभ उठाएं।







