Skip to content
ताज़ा खबर
पुलिस ने 37 साल पुराने हत्या के वारंटी की गिरफ्तारी से कर दिया सच!छीपाबड़ में 24 वर्षीय युवक की मौत के बाद महाराणा प्रताप चौक पर शव रखकर चक्काजाम कर दियासामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टिमरनी में तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र की स्थापितशासकीय आईटीआई खंडवा में ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ आयोजित किया गयायातायात पुलिस एवं NHAI की संयुक्त टीम की तत्परता एवं समन्वय से टला बड़ा हादसान्यायोत्सव” के तहत मैराथन दौड़, जागरूकता प्रदर्शनी एवं बाइक रैली सम्पन्नयातायात पुलिस, थाना हंडिया एवं NHAI ने किया संयुक्त निरीक्षण20 लाख रूपये की 99 ग्राम एम डी ड्रग्स के साथ राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तारपरिवहन विभाग ने 9 स्कूली बसों का फिटनेस निरस्त किया 20 लाख रूपये की 99 ग्राम एम डी ड्रग्स के साथ राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार
21 Nov 2026 हरदा 21°C

ताज़ा ख़बरें हरदा से

Saturday, 21 November 2026
Uncategorized

पुलिस ने 37 साल पुराने हत्या के वारंटी की गिरफ्तारी से कर दिया सच!

7 min read
IMG 20261121 WA0102

पुलिस तो गड़े मुर्दे भी उखाड़ लाती है कहावत को माखननगर पुलिस ने 37 साल पुराने हत्या के वारंटी की गिरफ्तारी से कर दिया सच!

जिस व्यक्ति की मौत की कहानी परिवार से सुनने को मिली, उसका पुराना मकान बिक चुका था और पुलिस रिकॉर्ड में मौत का कोई प्रमाण नहीं था। फिर पिपरिया से मिले एक सुराग ने 37 साल पुरानी तलाश का रास्ता खोल दिया।

जिस व्यक्ति को परिवार ने मृत मान लिया था, पुलिस उसे 37 साल बाद जिंदा पकड़ लाई! 3 हजार में बिक चुका था पुराना मकान, बहन ने सुनाई मौत की कहानी फिर पिपरिया में ऐसा कौन-सा सुराग मिला कि खुल गया वर्षों पुराना राज?

गड़रिया नाले के हादसे की बात, नांदनेर घाट पर अंतिम संस्कार का दावा और पुलिस रिकॉर्ड में मौत का कोई प्रमाण नहीं एक तरफ परिवार की कहानी थी, दूसरी तरफ 37 साल पुराना हत्या का वारंट। पूर्व एसपी साई कृष्ण की पहल से शुरू हुई तलाश, उमाशंकर यादव की मेहनत, प्रधान आरक्षक अरविंद चौबे की पड़ताल और थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर की टीम की कार्रवाई ने आखिरकार इस रहस्य को गिरफ्तारी तक पहुंचा दिया।

सोचिए, पुलिस किसी ऐसे व्यक्ति को वर्षों से तलाश रही हो, जिसके बारे में उसके अपने परिवार की ओर से बताया जाए कि उसकी तो करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी है। हादसा कहां हुआ, अंतिम संस्कार कहां किया गया, इसकी जानकारी भी दी जाए। पुलिस जब पुराने पते पर पहुंचे तो वहां न परिवार मिले, न वह व्यक्ति और न ही कोई ऐसा निशान, जिससे उसकी मौजूदगी का पता चल सके। ऊपर से जिस घर में कभी उसका परिवार रहता था, वह मकान भी महज 3 हजार रुपये में बिक चुका हो। आखिर यह कहानी सच थी या 37 साल पुराने मामले की तलाश में कोई बड़ी कड़ी छूट गई थी? माखननगर पुलिस के सामने यही सबसे बड़ा सवाल था।

कहानी की शुरुआत उस पुराने गांव से हुई, जहां कभी उसका घर हुआ करता था। पुलिस जब पुराने पते पर पहुंची तो पता चला कि मकान अब परिवार के पास नहीं है। पिता उसे वर्षों पहले ही 3 हजार रुपये में बेच चुके थे। आज उस मकान में कोई नहीं रहता। परिवार के लोग भी अलग-अलग जगहों पर चले गए थे। पुलिस ने पुराने संबंधों और जान-पहचान के जरिए जानकारी जुटाने की कोशिश की। इसी दौरान परिवार की ओर से एक ऐसी बात सामने आई, जिसने पूरे मामले को और उलझा दिया।

बताया गया कि करीब 20 साल पहले गड़रिया नाले के पास एक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। यह भी कहा गया कि अंतिम संस्कार नांदनेर घाट पर किया गया था। अब पुलिस के सामने दो अलग-अलग बातें थीं। एक ओर 37 साल पुराने हत्या के मामले में फरार वारंटी की तलाश थी, दूसरी ओर परिवार की ओर से उसकी मौत की जानकारी दी जा रही थी। यदि उसकी मौत हो चुकी थी तो फिर उसका रिकॉर्ड कहां था? क्या हादसे की जानकारी सही थी? क्या नाम को लेकर कोई भ्रम था? या फिर इस कहानी में कोई ऐसी कड़ी थी, जो अब तक सामने नहीं आई थी?

पुलिस ने परिवार की बताई बात को ही अंतिम सच नहीं माना। थाना बुधनी में वर्ष 2000 से उपलब्ध रिकॉर्ड की पड़ताल की गई, लेकिन उस नाम से मौत का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। हादसे की कहानी थी, अंतिम संस्कार का दावा था, लेकिन उपलब्ध सरकारी रिकॉर्ड में उसकी पुष्टि नहीं हो रही थी। यहीं से तलाश ने फिर नया मोड़ लिया। पुलिस के लिए अब यह केवल पुराने वारंट की तामील नहीं थी, बल्कि वर्षों से अधूरी पड़ी जानकारी की कड़ियां जोड़ने का मामला बन गया था।

इस पूरी कहानी की एक महत्वपूर्ण शुरुआत पूर्व पुलिस अधीक्षक साई कृष्ण एस. थोटा के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने इस पुराने वारंटी के मामले को गंभीरता से लिया और तत्कालीन थाना प्रभारी उमाशंकर यादव को उसकी तलाश की जिम्मेदारी सौंपी। उस समय उमाशंकर यादव थाना प्रभारी के रूप में एसपी कार्यालय में पदस्थ थे। जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इस मामले में काफी मेहनत की। गांवों में गए, पुराने पते तलाशे, लोगों से पूछताछ की और वारंटी तक पहुंचने के लिए कई जगहों पर जानकारी जुटाई। मैं खुद उनकी इस मेहनत को करीब से देख चुका हूं। कहां-कहां नहीं गए, कितने लोगों से पूछताछ नहीं की और कितनी कोशिशों के बाद भी जब सुराग हाथ नहीं लगा, तब भी तलाश जारी रखी। कई बार पुलिस की मेहनत का नतीजा उसी दिन सामने नहीं आता। लेकिन सालों बाद जब कोई पुरानी फाइल फिर चर्चा में आती है, तब उसके पीछे की गई शुरुआती मेहनत को भी याद करना जरूरी होता है। इस मामले में उमाशंकर यादव के प्रयास उसी कहानी की अहम कड़ी हैं।

समय बीतता गया, लेकिन तलाश की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। आगे चलकर पिपरिया की तरफ से एक नई जानकारी सामने आई। इस सुराग को प्रधान आरक्षक अरविंद चौबे ने गंभीरता से लिया। उन्होंने जानकारी जुटाई और पुराने मामले से जुड़ी कड़ियों को जोड़ते हुए तलाश आगे बढ़ाई। अब पुलिस के सामने वह दिशा थी, जहां तक पहुंचना पहले आसान नहीं हो पा रहा था। पुराने गांव में मकान बिक चुका था, परिवार की ओर से मौत की बात बताई गई थी और रिकॉर्ड में उसका कोई प्रमाण नहीं मिला था। लेकिन पिपरिया से मिली जानकारी ने इस तलाश को एक नई दिशा दे दी।

फिर 19 और 20 नवंबर की दरमियानी रात माखननगर पुलिस को सफलता मिली। 37 साल से फरार हत्या के वारंटी को गिरफ्तार कर लिया गया। वर्तमान थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस गिरफ्तारी के साथ वर्षों से चली आ रही तलाश एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच गई। जिस व्यक्ति के बारे में परिवार की ओर से मौत की बात बताई जा रही थी, वह पुलिस की गिरफ्त में था। यह केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पुराने पते से लेकर परिवार की जानकारी, रिकॉर्ड की पड़ताल और पिपरिया से मिले सुराग तक जुड़ी लंबी कोशिशों का नतीजा था।

इस पूरी सफलता में किसी एक व्यक्ति की भूमिका बताकर बाकी मेहनत को भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व एसपी साई कृष्ण एस. थोटा ने मामले को गंभीरता से लेकर तलाश की शुरुआत कराई। तत्कालीन थाना प्रभारी उमाशंकर यादव ने उस समय काफी मेहनत की और कई जगहों पर जाकर सुराग तलाशे। प्रधान आरक्षक अरविंद चौबे ने आगे मिले पिपरिया के सुराग पर काम किया और वर्तमान थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने गिरफ्तारी तक पहुंचकर कार्रवाई पूरी की। वर्षों पुराने मामले में अलग-अलग समय पर किए गए इन प्रयासों की अपनी अहमियत है। यह गिरफ्तारी एसपी दीपक कुमार शुक्ला के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए कांबिंग अभियान के दौरान हुई। 19-20 नवंबर की रात चले इस अभियान में करीब 270 पुलिसकर्मी, 6 राजपत्रित अधिकारी और 24 पुलिस टीमें शामिल रहीं। जिलेभर में 183 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 169 गुंडा रजिस्टर, 90 निगरानी बदमाश और 213 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। अभियान के आंकड़े पुलिस की व्यापक कार्रवाई दिखाते हैं, लेकिन माखननगर की यह गिरफ्तारी अपने पीछे छिपी पुरानी कहानी के कारण खास चर्चा में है।

एक तरफ वह पुराना मकान था, जो अब बिक चुका था। दूसरी तरफ परिवार की ओर से सुनाई गई मौत की कहानी थी। सरकारी रिकॉर्ड में मौत का प्रमाण नहीं मिला। वर्षों पहले शुरू हुई पुलिस की कोशिशें थीं और आखिर में पिपरिया से मिला वह सुराग, जिसने तलाश को गिरफ्तारी तक पहुंचा दिया। अब भी इस कहानी से जुड़े कुछ सवालों का जवाब पुलिस की आधिकारिक जानकारी से ही स्पष्ट होगा आखिर वह इतने वर्षों तक कहां रहा और उसकी पहचान व ठिकाने को लेकर क्या-क्या तथ्य सामने आए? फिलहाल इतना जरूर है कि 37 साल पुराना वारंट पुलिस की गिरफ्त में पहुंच चुका है। इस कहानी ने एक बार फिर साबित किया है कि पुरानी फाइलें भले ही अलमारी में रखी रह जाएं, लेकिन उन्हें अंजाम तक पहुंचाने के लिए की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जाती।

What do you think?

Leave a comment