स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण
वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल परिसर में होगा जिला स्तरीय मुख्य समारोह
हरदा – हरदा जिले में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 का जिला स्तरीय मुख्य समारोह गरिमामय एवं उत्सवी वातावरण में आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल परिसर हरदा में प्रातः 9 बजे से आयोजित होगा। समारोह में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे तथा बधाई संदेश का वाचन करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा परेड का आयोजन होगा। समारोह में विभिन्न स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इस अवसर पर वर्षभर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत उद्यम संवाद कार्यक्रम के लिए जिला स्तरीय दल गठित
हरदा- मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत आमजन तक हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने इस संबंध में जिला स्तरीय दल गठित कर अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे हैं।
जिला स्तरीय दल में वनमंडलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, कार्यकारी संचालक एमपीआईडीसी भोपाल, परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विभाग, जिला परियोजना प्रबंधक मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इसके अलावा पशु चिकित्सा, लघु उद्योग निगम, आदिम जाति कल्याण, श्रम, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, अंत्यावसायी, उद्यानिकी, हस्तकरघा, खादी एवं ग्रामोद्योग, ऊर्जा, खनिज, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण, रोजगार, मत्स्य तथा सीएससी केन्द्र से संबंधित अधिकारियों को भी दल में शामिल किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिला स्तरीय दल प्रत्येक शिविर के उद्यम संवाद कार्यक्रम में स्वयं अथवा क्षेत्रीय अधिकारियों के माध्यम से हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराएगा। साथ ही आमजन को रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। शिविरों में उपस्थित हितग्राहियों की लंबित स्वीकृतियों, सुविधाओं के प्रदाय एवं अन्य समस्याओं की जानकारी लेकर उनका शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वरोजगार विभाग अपने-अपने हितग्राहियों को भी आमंत्रित करेंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके। कलेक्टर ने आदेश को तत्काल प्रभावशील करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
वंदे मातरम् गान के साथ तिरंगे को दी सलामी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बालक-बालिकाओं ने लिया तिरंगा फहराने का संकल्प
हरदा – जिला खेल और युवा कल्याण विभाग हरदा द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जोनर एजुकेशन सिस्टम स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के लगभग 600 बालक-बालिकाओं ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने तिरंगे के समक्ष सलामी देते हुए मार्च पास्ट किया तथा राष्ट्र ध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्कूल संचालक श्री विपक गुर्जर, प्राचार्य श्री अंकित गुर्जर एवं जिला खेल और युवा कल्याण विभाग की ब्लॉक समन्वयक सुश्री सलमा खान ने विद्यार्थियों को तिरंगा फहराने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर शाला व्यायाम शिक्षक श्री भूपेंद्र सिंह तोमर, शिक्षक सुनीता राजपूत, अभिषेक संगुले, हर्षिता इंगले, हर्षिता जायसवाल, रीना उपरीत सहित बड़ी संख्या में बालक-बालिकाएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 14 अगस्त को सोनतलाई में लगेगा शिविर
हरदा – ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के तहत हरदा जिले में प्रत्येक शुक्रवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण कर रहे हैं। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है।
इसी क्रम में हरदा विकासखण्ड के ग्राम सोनतलाई में 14 अगस्त को शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में ग्राम सोनतलाई, बिछौलामाल, छिड़गांव, धनगांव, नीमगांव, सामरधा, उंवा, हनिफाबाद, कचबैड़ी, करनपुरा, पचौला, पांचातलाई, जामलीदमामी व नीलगड़ दमामी के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद टिमरनी विकासखण्ड के ग्राम करताना में 21 अगस्त को शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें करताना, भंवरास, गोंदागांवकला, गुल्लास, रूंदलाय, सन्यासा, लछौरा, छीपानेर, नयागांव, तजपुरा, कुहीग्वाड़ी, गोंदागांवखुर्द व गाड़ामोड़कला के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके साथ ही विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के सभी निर्धारित क्षेत्रों में संचालित होगा।
कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
पिछले 24 घंटों में जिले में 32.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
हरदा – जिले में गत चौबीस घंटों में 32.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया गत चौबीस घंटे में हरदा तहसील में 17.8 मि.मी., टिमरनी में 38.4 मि.मी., खिरकिया में 36 मि.मी., सिराली में 48.4 मि.मी. तथा रहटगांव में 21 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस वर्ष अब तक जिले में 597.2 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। इस वर्ष अब तक हरदा तहसील में 624.9 मि.मी., टिमरनी में 618.7 मि.मी., खिरकिया में 679.4 मि.मी., सिराली में 537.9 तथा रहटगांव में 525.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि गत वर्ष की 12 अगस्त तक 649.6 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी थी।
आईटीआई में रोजगार मेला ‘‘युवा संगम’’ 13 अगस्त को लगेगा
हरदा – निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिये शासकीय आईटीआई हरदा में एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिस मेले ‘‘युवा संगम’’ का आयोजन किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह सिलोटे ने बताया कि यह मेला 13 अगस्त को प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा। मेले में विभिन्न कम्पनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर तकनीकी क्षेत्र में बेरोजगार युवक युवतियों की भर्ती की जायेगी। इस रोजगार मेले में 5 वी, 8वी, 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक व स्नातकोत्तर उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष तक की आयु के युवा भाग ले सकते है। जिला रोजगार अधिकारी श्री सिलोटे ने बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा अपने सभी मूल दस्तावेज अंकसूची, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड व परिचय पत्र की फोटोकॉपी, समग्र आईडी तथा 4 पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होकर मेले का लाभ प्राप्त कर सकते है। मेले में भाग लेने के लिये किसी भी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा।
नए एचटी कनेक्शन से पहले बिजली खर्च का अनुमान जानना हुआ आसान
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने शुरू किया ‘अनुमानित मासिक एचटी बिल कैलकुलेटर’
हरदा- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उच्चदाब (एचटी) उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ‘अनुमानित मासिक एचटी बिल कैलकुलेटर’ की सुविधा शुरू की गई है। यह सुविधा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट portal.mpcz.in के ‘‘कंज्युमर सर्विसेस’’ में ‘‘एचटी सर्विस’’ सेक्शन पर उपलब्ध है। इस ऑनलाइन कैलकुलेटर के माध्यम से नया एचटी कनेक्शन लेने की योजना बना रहे उपभोक्ता प्रस्तावित कांट्रेक्ट डिमाण्ड, संभावित विद्युत खपत, टैरिफ श्रेणी, आपूर्ति वोल्टेज, विद्युत शुल्क तथा टीओडी खपत जैसी जानकारी दर्ज कर अपने संभावित मासिक बिजली बिल का अनुमान प्राप्त कर सकते हैं।
यह सुविधा उद्योगों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, संस्थानों एवं अन्य एचटी उपभोक्ताओं के लिए उपयोगी होगी। इसके माध्यम से उपभोक्ता नया कनेक्शन लेने से पहले संभावित विद्युत व्यय का अनुमान लगाकर अपनी परियोजना की वित्तीय योजना और निवेश संबंधी निर्णय बेहतर तरीके से कर सकेंगे। साथ ही टीओडी रिबेट/सरचार्ज एवं टैरिफ न्यूनतम के संभावित प्रभाव का भी अनुमान लगाया जा सकेगा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने प्रस्तावित एचटी उपभोक्ताओं से अपील की है कि नया एचटी कनेक्शन लेने से पहले इस कैलकुलेटर का उपयोग अवश्य करें, ताकि संभावित विद्युत व्यय का अनुमान प्राप्त कर वित्तीय योजना तैयार की जा सके।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कैलकुलेटर से प्राप्त राशि केवल अनुमानित वित्तीय आकलन है। वास्तविक बिजली बिल का निर्धारण मध्यप्रदेश विद्युत विनियामक आयोग के प्रचलित टैरिफ आदेश, लागू नियमों तथा उपभोक्ता की वास्तविक मीटर रीडिंग एवं बिलिंग डेटा के आधार पर किया जाएगा। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उपभोक्ताओं को आधुनिक, पारदर्शी एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

