खंडवा – प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन एवं अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित करने हेतु पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्य, कार्यप्रणाली तथा अधिकाधिक मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री ठाकुर प्रसाद मालवीय ने बैठक में लोक अदालत से संबंधित सूचना पत्रों की समयबद्ध एवं प्रभावी तामीली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन तक इसकी जानकारी पहुंच सके और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर जिला रजिस्ट्रार श्री अरविंद सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पीयूष भावे, उप पुलिस अधीक्षक श्री अनिल चौहान सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता से लोक अदालत में प्रस्तुत किया जाए, ताकि न्याय सुलभ, सरल एवं त्वरित रूप से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग की सक्रिय भूमिका इस अभियान की सफलता में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को जनहितकारी एवं प्रभावी बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया और अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सहयोग के लिए आश्वस्त किया।

Leave a Reply