खंडवा – प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आगामी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। खंडवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा प्रभारी कलेक्टर डॉ नागार्जुन गौड़ा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अधिकारियों की बैठक में की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को जिले में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा,  अरविंद चौहान एवं  के आर बडोले के अलावा पुनासा एसडीएम पंकज वर्मा एवं सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान सहित जिले के एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

प्रभारी कलेक्टर डॉ गौड़ा ने बैठक में निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की फुलड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 9 से आयोजित की जाए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के नाम 11 अगस्त तक जिला पंचायत कार्यालय भिजवा दें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शासकीय कार्यालय में प्रातः 8 बजे से पूर्व ध्वजारोहण किया जाए। कलेक्ट्रेट में प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण होगा। प्रभारी कलेक्टर डॉ गौड़ा ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, अतिथियों, पत्रकारों, अधिकारियों, तथा लोकतंत्र सेनानियों के लिए अच्छी बैठक व्यवस्था की जाए। बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों की प्रभात फेरी प्रातः 7 बजे से स्कूलों से पुलिस परेड ग्राउंड के लिए रवाना होगी।

Leave a Reply