पावनसिटी हरदा
खंडवा – मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी की पहल पर छैगांवमाखन में जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर अर्थात कार्डियोपल्मोनरी रेससिटेशन के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शासकीय मेडिकल कॉलेज, खंडवा के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को सीपीआर की सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया। इस दौरान आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और प्राथमिक उपचार के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला में एमपी ट्रांसको के खंडवा, छैगांव, बड़वाह एवं जुलवानिया क्षेत्र के लगभग 80 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शासकीय मेडिकल कॉलेज टीम खंडवा के हृदय रोग विभाग के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. रणजीत बडोले तथा डॉ. अनिल मंसारे ने विस्तृत प्रशिक्षण देते हुए सीपीआर की सही तकनीक, समयबद्धता और सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एमपी ट्रांसको के अधीक्षण अभियंता, खंडवा सुरेन्द्र कुमार सोलंकी, कार्यपालन अभियंता, वीर सिंह भूरिया, कार्यपालन अभियंता परीक्षण संभाग सुखेन्द्र पाठक, कार्यपालन अभियंता आर के गुप्ता, सहायक अभियंता मनोज मोरे, दिनेश मोरे सहित अनिल अलावा, गणेश मंसारे एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

