गायन प्रतियोगिता का फाइनल किशोर कुमार सभागृह में 2 अगस्त की रात्रि में होगा

खण्डवा – जिले में हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर 2 से 4 अगस्त तक 3 दिवसीय खण्डवा गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों की तैयारियों के सम्बंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरूवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में खण्डवा की महापौर श्रीमती अमृता अपर यादव, कलेक्टर  ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक  अगम जैन, सीईओ जिला पंचायत डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा एवं अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा के अलावा किशोर प्रेरणा मंच के रणवीर सिंह चावला भी मौजूद थे।

कलेक्टर  ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष 3 दिवसीय खण्डवा गौरव दिवस का आयोजन 2, 3 व 4 अगस्त को होगा, 2 अगस्त को प्रातः चेम्बर ऑफ कॉमर्स व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मैराथन दौड़ का आयोजन नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक होगा। आगामी 2 अगस्त की रात में गायन प्रतियोगिता का फाइनल किशोर कुमार सभागृह में होगा। स्कूली व कालेज के छात्रों की विभिन्न प्रस्तुति नगर निगम के सामने मंच पर 3 अगस्त को सुबह होगी तथा 3 अगस्त की शाम को ही नगर निगम व घंटाघर के पास फ़ूड झोन, बैंड की प्रस्तुति होगी तथा मंच पर किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुति का कार्यक्रम आयोजित होगा। किशोर कुमार के जन्मदिवस पर 4 अगस्त को सुबह 9 बजे से किशोर दा की समाधि पर पुष्पांजलि व सुरमई श्रद्धांजलि का आयोजन नगरपालिका निगम व किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में होगा। आगामी 4 अगस्त की शाम 7ः30 बजे से किशोर नाईट में ख्यातिप्राप्त गायक पी. गणेश व प्रीति जोशी द्वारा गानों की प्रस्तुति दी जावेगी। इस वर्ष मुम्बई के जाने माने पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में 1 लाख रुपये व ताम्रपत्र के साथ किशोर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में श्री चावला ने बताया कि किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी गायन के क्षेत्र में वृहद वाइस ऑफ खण्डवा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष गायन प्रतियोगिता तीन ग्रुप में करने का निर्णय लिया गया है। प्रतियोगिता में देश के किसी भी स्थान का व्यक्ति भाग ले सकेगा। बैठक में इस वर्ष प्रतियोगिता पुरस्कार की राशि बढ़ाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। अब सीनियर ग्रुप में प्रथम पुरस्कार 31000 रूपए द्वितीय पुरस्कार 21 000 रूपए व तृतीय पुरस्कार 11000 रूपए का रखा गया। जूनियर ग्रुप में प्रथम पुरस्कार 15000 रूपए द्वितीय पुरस्कार 8000 रूपए और तृतीय पुरस्कार 5000 रूपए रहेगा। सब जूनियर ग्रुप में प्रथम पुरस्कार 11000 रूपए द्वितीय पुरस्कार 8000 रूपए एवं तृतीय पुरस्कार 5000 रूपए रखा गया है। सब जूनियर ग्रुप एवं जूनियर ग्रुप का आडिशन 22 जुलाई को होगा। सीनियर ग्रुप का आडिशन 23 जुलाई को होगा। ऑडिशन में किसी भी प्रदेश के व्यक्ति भाग ले सकते है। आगामी 30 जुलाई को क्वार्टर फाइनल 31 जुलाई को सेमीफाइनल एवं 2 अगस्त को प्रतियोगिता का फाइनल राउंड संपन्न होगा। बैठक के अंत में सचिव नारायण बाहेती ने सभी का आभार माना।

Leave a Reply