पावनसिटी हरदा

हरदा – धरती आबा जन भागीदारी अभियान के तहत ग्राम पंचायत मोरगढ़ी में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ हरदा शहर के चिकित्सक डॉ. आदर्श शुक्ला ने किया। इस दौरान 50 से अधिक मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में डॉ. आदर्श शुक्ला, श्री रंजीत सिंह राजपूत, श्री हरिओम राजपूत, सुश्री अमीषा विश्वास, सुश्री आइशा खान, सुश्री वर्षा मंडराई एवं नर्सिंग स्टाफ ने अपनी स्वास्थ्य सेवाएं दी। शिविर में ग्राम पंचायत मोरगढ़ी के सरपंच श्री मिश्रिलाल कलमे, ग्राम पंचायत सचिव श्री रामनारायण राजपूत, मण्डल संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री राम भरोस भलावी सहित अन्य जनप्र्रतिनिधि उपस्थित थेे। इस अवसर पर सरपंच श्री कलमे ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलती है। शिविर में डॉ. आदर्श शुक्ला ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

विद्यार्थियों के इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स ने खींचा ध्यान

तकनीक के जरिए सुरक्षा और शिक्षा को मिला नया आयाम

हरदा – तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में डिप्लोमा विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आधुनिक और उपयोगी प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने साइबर सिक्योरिटी, व्यक्तिगत सुरक्षा और शिक्षा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट विकसित कर अपनी तकनीकी क्षमता और नवाचार सोच का शानदार प्रदर्शन किया।

सिक्योर ड्राइव’’ बना सुरक्षित क्लाउड स्टोरेज का स्मार्ट समाधान

छात्र विष्णु यदुवंशी और वैष्णवी यदुवंशी द्वारा विकसित सिक्योर ड्राइव एक स्मार्ट और सुरक्षित वेब-आधारित क्लाउड स्टोरेज प्लेटफॉर्म है। इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन तकनीक है, जिससे उपयोगकर्ता की निजी फाइलें पूरी तरह सुरक्षित रहती हैं और किसी तीसरे पक्ष या वेबसाइट एडमिन तक उनकी पहुंच नहीं हो पाती। एचटीएमएल, सीएसएस, जावा स्क्रिप्ट, पीएचपी और माय एसक्यूएल जैसी तकनीकों से तैयार इस प्लेटफॉर्म में फाइल एन्क्रिप्शन-डिक्रिप्शन, वायरस और मैलवेयर स्कैनिंग जैसी उन्नत सुविधाएं दी गई हैं। साथ ही, उपयोगकर्ता लिंक या क्यूआर कोड के माध्यम से सुरक्षित फाइल शेयरिंग भी कर सकते हैं।

आर्मर सिक्योर’’ देगा खतरे से पहले सुरक्षा अलर्ट

छात्र पवन सिंह राजपूत, अमित उमरिया और रोहित बिल्लौर द्वारा तैयार ‘‘आर्मर सिक्योर’’ एआई और आईओटी आधारित स्मार्ट सुरक्षा एवं चेतावनी प्रणाली है। यह प्रोजेक्ट पारंपरिक पैनिक बटन सिस्टम की सीमाओं को दूर करने का प्रयास करता है। फ्लटर और जेंगो तकनीक पर आधारित यह सिस्टम पहनने योग्य आईओटी डिवाइस के माध्यम से उपयोगकर्ता की हार्ट रेट, बॉडी टेम्परेचर और मूवमेंट जैसी गतिविधियों की लगातार निगरानी करता है। इसके साथ ही, मोबाइल एप्लिकेशन बैकग्राउंड में चीख, संकट संकेत या विशेष पैनिक कीवर्ड को पहचानने के लिए ऑडियो रिकग्निशन तकनीक का उपयोग करता है। विशेषज्ञों के अनुसार यह प्रोजेक्ट भविष्य में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

गुरू डायरी’’ शिक्षकों के लिए बना डिजिटल सहायक

छात्र सतीश रंगीले, पायल गौर और काजल राजपूत द्वारा विकसित “गुरू डायरी” शिक्षकों के लिए तैयार किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो पारंपरिक शिक्षण डायरी का आधुनिक विकल्प प्रस्तुत करता है। यह ऑफलाइन मोबाइल एप शिक्षकों को उपस्थिति दर्ज करने, प्रोग्रेसिव मार्क्स अपडेट करने, टाइम टेबल मैनेज करने और अध्ययन नोट्स तैयार करने की सुविधा देता है। इंटरनेट की आवश्यकता केवल बैकअप के लिए होती है। इसके अलावा, एप में लेक्चर अलर्ट और अवकाश संबंधी जानकारी जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं, जिससे शिक्षकों का कार्य अधिक व्यवस्थित और सरल बनता है।

इन प्रोजेक्ट्स ने यह साबित किया है कि डिप्लोमा विद्यार्थी केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग भी कर रहे हैं।

 

*विद्युत कंपनी की उपभोक्ताओं को सलाह: 26 डिग्री पर चलाएं एसी, बचाएं 30 प्रतिशत तक बिजली*

*स्मार्ट उपभोक्ता की स्मार्ट चॉइस*

हरदा 23 मई 2026/ गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से बिजली बिल अधिक आता है, लेकिन कुछ तरीके अपना कर बिजली बिल में कमी की जा सकती है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि एक शोध से यह साबित हुआ है कि एसी का तापमान 26 डिग्री पर सेट करने से बिजली बिल में 30 प्रतिशत तक कमी हो सकती है। शोध के अनुसार, प्रत्येक डिग्री तापमान में वृद्धि के परिणामस्वरूप स्प्लिट एसी की ऊर्जा खपत में 6 प्रतिशत की कमी आती है।

मध्य क्षेत्र विद्युत विरण कंपनी के अनुसार गर्मियों के दौरान एयर कंडीशनर के लगातार चलने के कारण बिजली का बिल उपभोक्ताओं के लिए चिंता का एक बड़ा कारण बन जाता है। लेकिन एयर कंडीशनर का समझदारी से उपयोग करके आप इसे काफी हद तक कम कर सकते हैं। विद्युत वितरण कंपनी के द्वारा जारी सुझावों में सबसे महत्वपूर्ण है कि एसी को ऊंचे लेकिन आरामदायक तापमान पर चलाना चाहिए। विभिन्न एजेंसियों के शोधों से साबित हुआ है कि एसी के तापमान को 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करने से बिजली के बिल को 30 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है।

दरसअल कमरे को तुरंत ठंडा करने के लिए तापमान को 18 डिग्री तक कम करना एक आम गलतफहमी है। जबकि 26 डिग्री सेल्सियस तक कम करने में लगने वाला समय वही रहता है, चाहे आप एसी का तापमान 18 या 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करें। लेकिन जब आप कम तापमान सेट करते हैं, तो कमरे के तापमान को कम करने के लिए कंप्रेसर को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। इसके परिणामस्वरूप अधिक बिल आता है। यहां तक कि अगर आप थर्माेस्टेट को 18 डिग्री पर सेट करने के बाद कुछ मिनटों के भीतर एसी बंद कर देते हैं, तो विभिन्न लीक के माध्यम से ठंडी हवा के फैलने से तापमान तेजी से बढ़ जाएगा, जिससे आपका प्रयास व्यर्थ हो जाएगा।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आप थर्माेस्टेट को 26 डिग्री सेल्सियस पर सेट करते हैं और टाइमर को 2 घंटे के लिए सेट करते हैं और साथ में सीलिंग फैन चला देते हैं, तो यह आमतौर पर अच्छी नींद के लिए आरामदायक तापमान बनाए रखता है। इसलिए समझदारी से काम लेते हुए एसी को 26 डिग्री पर सेट करें तथा सीलिंग फैन एक या दो पाइंट पर जरूर चलाएं, ऐसा करने से बिजली बिल में कमी आ सकती है।

 

*प्रदेश में मनाया जायेगा गंगा दशहरे का पर्व*

हरदा 23 मई 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गंगा दशहरा के अवसर पर 25 और 26 मई को उज्जैन में क्षिप्रा तट पर आयोजित परिक्रमा, चुनरी अर्पण, पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस अवसर पर श्रद्धा, संस्कृति और जल संरक्षण के संदेश से जुड़े विविध आयोजन किए जायेंगे। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गंगा दशहरा पर 25 मई को प्रदेशभर में वृहद कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रभात फेरियां, नदी एवं जलाशय परिक्रमा, साइकिल रैली, चुनरी अर्पण-पूजन तथा जल और नदियों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जायेंगीं।

भारत भवन, भोपाल में ‘सदानीरा’ का आयोजन 27 मई से 2 जून 2026 तक किया जायेगा। कार्यक्रम में जल, प्रकृति और संस्कृति से जुड़े विविध आयामों को प्रस्तुत किया जायेगा। युवाओं एवं आमजन को जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संगोष्ठी, सेमीनार और व्याख्यान भी आयोजित किए जायेंगे। कार्यक्रम जिला मुख्यालयों के साथ प्रमुख नदियों, जलाशयों और जल स्रोतों के किनारे भी आयोजित होंगे।

राज्य शासन द्वारा जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किये हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान में गंगा दशमी पर्व पर 25 मई को संपूर्ण प्रदेश में गतिविधियां एवं कार्यक्रम आयोजित किये जायें। कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आमजन की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए। राज्य सरकार का उद्देश्य जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति व्यापक जन-जागरूकता विकसित करना है।

 

*ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम 1 से 12 जून तक होगी अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा*

*परीक्षा केंद्रों पर होगा क्लर्क व स्टोर कीपर का टाइपिंग टेस्ट, एडमिट कार्ड जारी*

हरदा 23 मई 2026/ भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ‘ज्वाइन इंडियन आर्मी’ की वेबसाइट पर पंजीकृत अभ्यर्थियों की ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) 1 जून से 12 जून 2026 तक भोपाल के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। विभिन्न श्रेणियों के लिए यह परीक्षा प्रतिदिन चार शिफ्टों में होगी। इस वर्ष से अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर (टेक्निकल) के पदों पर आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर ही लिया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट (www.joinindianarmy.nic.in) पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जहां से अभ्यर्थी इन्हें डाउनलोड कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन परीक्षा (सीईई) के लिए भोपाल में दो केंद्र बनाए गए हैं। पहला केंद्र आईओएन डिजिटल जोन (आईडीजेड) प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसायटी, कोकता बायपास, रायसेन रोड और दूसरा केंद्र आईओएन डिजिटल जोन (आईडीजेड) आरजीपीएम, सांखेड़ी, दानिश कुंज, कोलार रोड पर स्थित है।

सभी अभ्यर्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट अनिवार्य रूप से अपने साथ लाएं। साथ ही एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और निर्धारित समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।

भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और चयन केवल योग्यता (मेरिट) के आधार पर किया जाता है। सेना भर्ती कार्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को दलालों और धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने की सख्त हिदायत दी है। भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल के दूरभाष क्रमांक 0755-2540954 और 9039018588 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply