हरदा – कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना हरदा ग्रामीण 2 में गुरूवार को खिलौने आधारित शिक्षण अंतर्गत ‘डू इट युअर सेल्फ’ प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में सुपरवाइजर श्रीमती मानबिंदु श्रीवास एवं श्रीमती सुनीता वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वेस्ट मटेरियल से खिलौने एवं शिक्षण सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुराने कपड़े, रूई, कागज, गत्ता, थर्माकोल, लकड़ी एवं मिट्टी आदि का उपयोग करके बच्चों के लिए खिलौने बनाने एवं शिक्षण सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक मुखोटे, सांप सीढ़ी, गाड़ी, आंगनवाड़ी, स्कूल, घर आदि के खिलौने तथा गिनती अक्षर ज्ञान हेतु कार्ड बनाए गए।
प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती निकहत खान द्वारा उपस्थित सभी प्रतिभागियों को आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा प्रतिदिन नियमित रूप से देने एवं बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही निर्देश दिये गये कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं अपने आंगनबाड़ी केंद्र में ईसीसी कॉर्नर बनाएं एवं स्वयं के द्वारा व बच्चों के द्वारा बनाए गए खिलौने को वहां पर प्रदर्शित करें।

