खण्डवा – हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर 2 से 4 अगस्त तक 3 दिवसीय “खण्डवा गौरव दिवस” कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।  स्कूली विद्यार्थियों ने नगर निगम कार्यालय के सामने बने मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने उपस्थित विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में नगर निगम के अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, जिला शिक्षाअधिक बलवंत पटेल और जिला परियोजना समन्वयक  पी एस सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं पार्षदगण मौजूद थे।
इस अवसर पर शासकीय उर्दू स्कूल परदेशीपुरा खंडवा, सेंट जोन्स कांवेट स्कूल खंडवा, एम.एल. बी. कन्या स्कूल खंडवा और संत पायस स्कूल खंडवा के विद्यार्थियों ने किशोर कुमार की पैरोडी पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आनंदम् विद्या निकेतन खंडवा के विद्यार्थियों ने कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किया तथा संत जोसफ कांवेट स्कूल खंडवा के विद्यार्थियों ने शास्त्रीय धुन प्रस्तुत की। एम जी एम स्कूल खंडवा और सांदीपनि विद्यालय आनंद नगर के विद्यार्थियों ने राजस्थानी गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। जबकि सोफिया कांवेट स्कूल खंडवा के विद्यार्थियों ने गणगौर नृत्य की प्रस्तुति दी।

खंडवा में किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सुरमई श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक विनोद राठौड़ ने किशोर कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। किशोर गौरव सम्मान से सम्मानित होने पहुंचे राठौड़ ने कहा, **”किशोर दा जैसा गायक न हुआ है, न होगा। अगर किशोर दा कहीं हैं, तो वे खंडवा में हैं। मेरा अगला जन्म भी खंडवा में हो।”** उन्होंने कहा कि उनकी गायकी की प्रेरणा किशोर कुमार ही हैं और उनके जन्मदिन पर वे दुनिया में कहीं और कार्यक्रम नहीं करते। कार्यक्रम में विनोद राठौड़, पी. गणेश, प्रीति जोशी और अन्य कलाकारों ने किशोर दा के अमर गीत प्रस्तुत किए। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और देशभर से आए किशोर प्रेमियों ने समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वरांजलि दी। पूरा वातावरण संगीत, भावनाओं और श्रद्धा से सराबोर रहा।

 

Leave a Reply