शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास पर राजस्व विभाग की त्वरित कार्रवाई
अस्थायी टीन शेड को हटाकर कराया धराशायी, अतिक्रमणकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित
हरदा, 8 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन द्वारा जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने एवं किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में तहसील हरदा के ग्राम खेड़ी महमूदाबाद में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर राजस्व विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई।
प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम खेड़ी महमूदाबाद निवासी मूलचंद पिता बाबूलाल श्रीवास द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा था। राजस्व विभाग द्वारा संबंधित व्यक्ति को अतिक्रमण करने से रोकने के लिए निर्देशित किया गया, इसके बावजूद अतिक्रमण का प्रयास किए जाने पर तहसीलदार हरदा श्री महेंद्र सिंह चौहान राजस्व दल के साथ मौके पर पहुंचे।
राजस्व दल द्वारा मौके पर अतिक्रमण का प्रयास तत्काल रुकवाया गया तथा शासकीय भूमि पर लगाए गए अस्थायी टीन शेड को धराशायी कर हटाया गया।
राजस्व विभाग द्वारा संबंधित अनावेदक के विरुद्ध जुर्माना एवं सिविल जेल की कार्रवाई के संबंध में प्रकरण दर्ज किए जाने की प्रक्रिया की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के प्रयासों को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

