अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
श्रीमान पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चंद्रशेखर सोलंकी द्वारा आज जिला हरदा में पुलिस अधिकारियों की वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर जिले में अपराधों की स्थिति, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक, एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं जिले के समस्त थानो के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा थाना-वार अपराधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए गंभीर एवं चिन्हित अपराधों में की गई कार्रवाई, लंबित अपराध एवं चालान, मर्ग प्रकरण, महिला एवं बाल अपराध, अनुसूचित जाति/जनजाति संबंधी अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अपराधों की विवेचना उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण की जाए। फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी वारंटियों की धरपकड़ तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा करते हुए ऐसे प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की सहायता तथा वित्तीय राशि होल्ड/रिकवर कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय द्वारा जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर एवं नेटवर्क की जानकारी प्राप्त कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियों को निरंतर संचालित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक preventive measures अपनाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनसुनवाई, त्वरित रिस्पॉन्स एवं संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक वातावरण को और मजबूत किया जाए।
बैठक में आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा व्यक्त की गई।
बैठक के अंत में पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें तथा आमजन को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराएं।

