टिमरनी के खिड़कीवाला में मूंग उपार्जन व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हरदा – मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत टिमरनी क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम खिड़कीवाला में संचालित मूंग उपार्जन केंद्र गंगा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। प्रभारी मंत्री ने केंद्र पर किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं, मूंग की तुलाई और रख-रखाव की स्थिति, टेगिंग को बारीकी से देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने कहा कि मूंग उपार्जन में किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, उप संचालक कृषि प्रकाश ठाकुर, सहायक आयुक्त सहकारिता के.के. शिव, वेयरहाउस हाउस प्रबन्धक एम.डी. वास्कले सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

