नर्मदा में चलने वाली नावों में सुरक्षा इंतजाम रहें – कलेक्टर

 

हंडिया के नर्मदा घाट को प्लास्टिक फ्री बनाया जाएगा

 

खेड़ा एवं मांगरूल के गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का किया निरीक्षण

 

किसानों को गेहूँ तुलवाने में न हो कोई दिक्कत

हरदा – कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने नर्मदा नदी में चलने वाली नावों में सुरक्षा इंतजाम आवश्यक रूप से रखे जाने के निर्देश दिये हैं। बुधवार को उन्होने जिले के हंडिया घाट के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिये कि सभी नावों में पर्याप्त संख्या में सेफ्टी जेकेट रखी जाएं। उन्होने निर्देश दिये कि यहां नाव संचालन ठेका व्यवस्था से किया जाए। ठेके की शर्तों में सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से शामिल रहे। पर्यटन स्थल जोगा के आसपास चलने वाली नावों में भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि हंडिया के नर्मदा घाट को प्लास्टिक फ्री बनाया जाए। यहां प्लास्टिक का कचरा फैलाने वालों पर अर्थदण्ड लगाया जाए। उन्होने हंडिया के बाजार को भी सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिये।

भ्रमण के दौरान उन्होने खेड़ा एवं मांगरूल समिति के गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होने किसानों से चर्चा कर स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था, गेहूँ की तुलाई एवं छायापानी के इंतजाम की जानकारी ली। हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था पर भी अधिकारियों से चर्चा की। कलेक्टर ने यहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों को अपना गेहूँ विक्रय करने में कोई दिक्कत न आए। उन्हे यथा संभव सहूलियतें मुहैया कराई जाएं। कलेक्टर ने तहसील हंडिया का भी निरीक्षण किया। यहां दर्ज राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति देखी। साथ ही आदेशों पर अमल आवश्यक रूप से अंकित करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि तहसील कार्यालय की डाक व्यवस्था ई-ऑफिस के माध्यम से ही संचालित की जाए।

*जिला चिकित्सालय में शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र का निरीक्षण*

कलेक्टर ने अपने भ्रमण के दौरान जिला चिकित्सालय के नवीन भवन एवं यहां संचालित शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र का भी निरीक्षण किया। यहां फिजियोथेरेपी केन्द्र पर मरीजों की फिजियोथेरेपी ग्राउण्ड फ्लोर पर ही करने के निर्देश दिये। उन्होने यहां उपलब्ध मशीनों का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा जिला अस्पताल के ओपीडी में आभा अभियान अंतर्गत प्रारम्भ की गई क्यूआर कोड व्यवस्था को भी देखा। भ्रमण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश राय, एसडीएम श्री अशोक डेहरिया एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

 

बिजली कार्मिक स्थानान्तरण के लिये करें ऑनलाइन आवेदन

19 मई 2026 तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध

हरदा – मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कर्मचारियों (नियमित/संविदा) के सेवा संबंधी मामलों में विस्तार करते हुए कार्मिकों के स्वयं के व्यय पर स्थानान्तरण की सुविधा को और अधिक सरल बनाते हुए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई है। कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाइन स्टॉफ को स्वयं अथवा परिवार में किसी सदस्य की गंभीर बीमारी, पति/पत्नी के शासकीय सेवा में अन्यत्र स्थान पर कार्यरत होने पर/शासकीय अनुदान प्राप्त संस्था में कार्यरत होने पर, आपसी स्थानान्तरण तथा अन्य कारणों से उनके स्वयं के व्यय पर स्थानान्तरण के लिये ऑनलाइन आवेदन की सुविधा प्रदान की है। उप महाप्रबंधक स्तर तक के अधिकारी/कर्मचारी स्थानांतरण के लिये ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे एवं ऐसे अधिकारी कर्मचारी जिनकी एक ही स्थान पर पदस्थापना की अवधि 01 वर्ष से कम है उनके आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। स्थानान्तरण के लिये ऑनलाइन आवेदन करने की लिंक कंपनी की वेबसाइट portal.mpcz.in पर इंटरनल यूज एप्लीकेशन के अन्तर्गत ‘’इम्प्लाई ट्रांसफर मॉड्यूल’’ के नाम से उपलब्ध है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (मा.सं. एवं प्रशा.) श्री राकेश शर्मा ने कहा है कि इस नई व्यवस्था से कंपनी कार्मिकों को अन्य दफ्तरों में जाए बिना स्थानान्तरण के आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन प्रक्रिया में आवेदन में दिये गये विकल्प स्थानों पर कार्मिक स्वयं के व्यय पर अपना स्थानान्तरण करा सकेंगे। कंपनी ने कहा है कि कार्मिक 05 मई 2026 से 19 मई 2026 तक अपने स्थानान्तरण के लिये आवेदन कर सकते हैं। कोई भी कार्मिक एक ही बार ऑनलाइन स्थानांतरण आवेदन प्रस्तुत (सबमिट) कर सकेगा एवं स्थानांतरण के लिये केवल ऑनलाईन आवेदन ही स्वीकार किये जायेंगे, किसी भी स्थिति में ऑफलाईन आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

 

7 से 10 मई तक कृषि उपज मण्डी में मक्का का नीलामी कार्य बंद रहेगा

हरदा – सचिव कृषि उपज मण्डी हरदा ने सभी किसान भाईयों को सूचित किया है कि 7 से 10 मई तक कृषि उपज मण्डी प्रांगण हरदा में कृषि उपज मक्का का नीलामी कार्य बंद रहेगा। शेष कृषि उपजों का नीलामी कार्य 7 व 8 मई को चालू रहेगा। उन्होने क्षेत्र के किसान भाईयों से अनुरोध किया है कि वे 7 से 10 मई तक अपनी कृषि उपज मक्का विक्रय हेतु नहीं लावें।

Leave a Reply