पावनसिटी हरदा
हरदा पुलिस की अनूठी पहल: विद्यार्थियों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला, “SAY NO TO DRUGS 2.0″ की आकृति बनाकर दिया नशामुक्त समाज का संदेश
हरदा पुलिस की अभिनव पहल, छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर कहा—”Say No To Drugs 2.0”
नशामुक्त हरदा का संकल्प: सैकड़ों विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया जागरूकता का संदेश
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला हरदा में पुलिस अधीक्षक *श्री शशांक* के नेतृत्व में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय एवं महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हरदा के छात्र-छात्राओं के सहयोग से नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण किया तथा “SAY NO TO DRUGS 2.0” की आकर्षक आकृति बनाकर समाज को नशे के विरुद्ध एक सशक्त एवं प्रेरणादायी संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए आमजन से भी नशे से दूर रहने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक ने कहा कि “नशामुक्त समाज का निर्माण केवल कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और युवा शक्ति की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई यह मानव श्रृंखला समाज को जागरूक करने का एक सशक्त संदेश है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इससे बचने के लिए प्रेरित करे।”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को अपने जीवन में शिक्षा, खेल, अनुशासन और सकारात्मक सोच को अपनाकर नशे जैसी बुराई से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहेगी तो समाज स्वतः ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध बनेगा।
इसके उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। सभी ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें जीवन में सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शशांक ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार की ओर से महात्मा गांधी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.पी. प्रजापति, जी.पी. गौर, एस.एन. भाटी एवं अन्य शिक्षकगण तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस.के. यादव, राजेश बीलिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। साथ ही खेल विभाग से रानी खान भी उपस्थित रही

