पावनसिटी हरदा
हरदा- कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित ‘जनसुनवाई’ कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और उपस्थित अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंजली जोसेफ जोनाथन, एसडीएम खिरकिया सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा श्री अशोक डेहरिया, डिप्टी कलेक्टर श्री असवनराम चिरामन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
जनसुनवाई में ग्राम मगरधा निवासी सत्यनारायण गौर ने आवेदन देकर किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हरदा को आवेदक की पात्रता अनुसार किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ दिलाने के निर्देश दिये। ग्राम कायागांव निवासी दीपक चौरे ने आवेदन देकर अपनी कृषि भूमि का नक्शा दुरूस्त कराकर सीमांकन कराने के लिये आवेदन दिया, जिस पर तहसीलदार हंडिया को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में हरदा के वार्ड नम्बर 32 आजाद नगर के निवासियों ने आवेदन देकर रहवासी पट्टा व पानी की व्यवस्था कराने की मांग की, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। मेजर जोशी कॉलोनी हरदा के निवासियों ने जनसुनवाई में आवेदन देकर घरों के सामने से गंदे पानी की निकासी के संबंध में शिकायत की, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदकों की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। खेड़ीपुरा हरदा निवासी रघुवीर प्रजापति ने जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त प्रदाय कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरदा को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
जनसुनवाई में ग्राम गहाल निवासी कृष्णा गिनारे ने छात्रावास में प्रवेश कराने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में हरदा निवासी किशन दुर्हान ने दो माह से वृद्धावस्था पेंशन की राशि प्राप्त न होने के संबंध में शिकायत की, जिस पर उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम मोहनपुरा निवासी सुखलाल ने विद्युत बिल अधिक आने के संबंध में शिकायत की, जिस पर विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारी को आवेदक की समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये।
मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2026 के लिए ऑनलाइन पंजीयन 25 जुलाई 2026 तक
विद्यार्थियों को जानने को मिलेगी प्रदेश की समृद्धशाली विरासत
बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश’ की जिला स्तरीय क्विज 07 अगस्त को होगी आयोजित
हरदा 21 जुलाई 2026/ मध्यप्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विविधताओं, कला, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन की असीम संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘पर्यटन क्विज-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हरदा श्री अशोक कुमार डेहरिया एवं क्विज मास्टर श्री नितिन कुमार सोनी ने बताया कि जिला स्तरीय इस क्विज में भाग लेने के लिए विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन पंजीयन 25 जुलाई 2026 तक शाम 5ः30 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट https://www.mptourism.com/tourismquiz2026/schools/ के माध्यम से किया जा सकता है। विद्यार्थियों में पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति को विकसित करने, मध्यप्रदेश पर्यटन की संभावनाओं से जुड़े ज्ञान का संचार करने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे इस क्विज में प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय, सी.बी.एस.ई. एवं केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं सहभागिता कर सकते हैं। नोडल अधिकारी श्री डहेरिया ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय ,सी.बी.एस.ई, नवोदय, केंद्रीय विद्यालयों से अपने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रेरित करने की अपील की है। प्रतियोगिता संबंधी विस्तृत जानकारी के लिये क्विज मास्टर नितिन सोनी से मोबाइल नम्बर 9926332084, 7987118510 पर संपर्क किया जा सकता है।
7 अगस्त को ‘बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश’ की जिला स्तरीय क्विज
मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2026 ‘बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश’ का जिला स्तरीय आयोजन आगामी 7 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ किया जाएगा। हरदा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में किया जाएगा। पर्यटन क्विज-2026 क्विज में पूछे जाने वाले प्रश्न मध्य प्रदेश के पर्यटन, कला, संस्कृति, धार्मिक, प्राकृतिक परिवेश और ऐतिहासिक संवर्धन पर आधारित होंगे। जिला स्तर पर प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित शीर्ष 06 टीमों के मध्य द्वितीय चरण में ‘ऑडियो-विजुअल व मल्टीमीडिया’ आधारित क्विज का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली विद्यालयीन टीम राज्य स्तरीय क्विज में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से विजेता टीमों को मिलेगा निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का उपहार
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों को पर्यटन के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। वहीं, अगली तीन उपविजेता टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन दिया जाएगा। इन कूपनों के अंतर्गत विद्यार्थियों के आने-जाने, आवास, भोजन तथा स्थानीय भ्रमण का संपूर्ण व्यय मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हो सके।
आईटीआई में एनसीवीटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तृतीय चरण प्रारम्भ
हरदा – कौशल विकास संचालनालय अंतर्गत हरदा जिले में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, हरदा में एनसीवीटी के पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु तृतीय चरण प्रारंभ हो चुका है। प्राचार्य आईटीआई हरदा ने बताया कि तृतीय चरण के अंतर्गत आवेदक 25 जुलाई 2026 तक च्वाईस फिलिंग कर सकते हैं। इस दौरान प्रवेश के इच्छुक नवीन आवेदक भी आवेदन कर सकेंगे तथा जिन्हें इच्छित सीट आवंटन नहीं हुआ हैं वे भी री च्वाईस कर सकेंगें। प्रवेश हेतु प्रशिक्षण शुल्क राशि दो किश्तों में जमा करनी होगी, जिसमें प्रथम किश्त प्रवेश के समय पुरूषों हेतु 3250 रूपये एवं महिलाओं के प्रवेश हेतु विशेष रूप से 12.50 प्रतिशत की छूट के साथ 2840 रूपये रहेगी।

