पावनसिटी हरदा

स्कूली बच्चों की सुरक्षा हेतु हरदा पुलिस का विशेष अभियान

नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों पर सख्त कार्रवाई, दो वाहन जब्त

मध्य प्रदेश के हरदा जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरदा पुलिस ने जिलेभर में स्कूल वाहनों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शशांक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस दलों ने स्कूल बसों, वैन एवं अन्य स्कूली वाहनों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों एवं मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से परीक्षण किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, निर्धारित क्षमता, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, चालकों की निर्धारित वर्दी एवं नेम प्लेट, वाहन में परिचालक (अटेंडर) की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की। जांच के दौरान अनेक वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई, जिस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

विशेष अभियान में क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करने के 20 प्रकरण, बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के 03 प्रकरण, बिना बीमा के 02 प्रकरण, निर्धारित वर्दी के बिना वाहन संचालित करने वाले चालकों के 16 प्रकरण तथा फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र नहीं मिलने के 06 प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया के नेतृत्व में थाना टिमरनी पुलिस ने वाहन क्रमांक MP47 T 0405 तथा ईको मारुति वैन क्रमांक MP09 DA 5508 की जांच की। जांच में दोनों वाहनों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। चालक निर्धारित वर्दी में नहीं थे, नेम प्लेट एवं वैध परमिट उपलब्ध नहीं था, वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स एवं अग्निशमन यंत्र नहीं मिले तथा बीच में अतिरिक्त सीट लगाकर वाहन का अनधिकृत रूप से संशोधन किया गया था।

सबसे गंभीर स्थिति ईको मारुति वैन MP09 DA 5508 में सामने आई, जिसमें निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक 25 स्कूली बच्चे एवं 3 स्कूल स्टाफ को बैठाकर परिवहन किया जा रहा था। बच्चों की सुरक्षा के साथ इस प्रकार की लापरवाही को गंभीर मानते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।

दोनों वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 8/177, 9/177, 176/177, 180/177, 113/194(1), 52/182(ए-4) एवं 66/192(ए) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए वाहनों को मौके पर जब्त किया गया। संपूर्ण कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर जप्ती पत्रक एवं पंचनामा तैयार किया गया तथा प्रकरण माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

इस विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 47 चालानी कार्रवाई की गई तथा ₹52,900 का समन शुल्क अधिरोपित किया गया।

हरदा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विद्यालय संचालकों एवं वाहन स्वामियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे तथा *नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply