कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता: महज 4 घंटे में नकबजनी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹1.30 लाख का चोरी का माल बरामद

हरदा। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकबजनी की एक वारदात का महज चार घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹1.30 लाख मूल्य का चोरी गया पूरा मशरूका भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को फरियादी राकेश वर्मा निवासी ग्राम करताना पूरा, थाना टिमरनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की रात अज्ञात चोर उनकी हेयर सैलून की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर, ट्रिमर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्रमांक 476/2026 धारा 331(4), 305 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसमें राजेश नायक, मोहम्मद शब्बीर उर्फ बब्बू तथा वंश कपोल उर्फ बांसू लाल ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 ट्रिमर, एमआई कंपनी की 32 इंच एलईडी टीवी, 51 इंच एलईडी टीवी, 2 सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, जियो वाई-फाई डिवाइस, 2 हेयर ड्रायर, फेस मसाज मशीन, इन्वर्टर बैटरी, 2 गैस सिलेंडर तथा 2 म्यूजिक सिस्टम सहित लगभग ₹1.30 लाख मूल्य का मशरूका बरामद किया है।

इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक अजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सूरमा, प्रधान आरक्षक अमित बौरासी, आरक्षक निलेश पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय एवं चालक निलेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे त्वरित एवं प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण बताया।

Leave a Reply