पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिला हरदा में पुलिस अधीक्षक शशांक के नेतृत्व में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं । इस क्रम में हरदा पुलिस द्वारा अभिनव पहल करते हुए नेहरू स्टेडियम, गेट क्रमांक-02 पर एनजीओ के सदस्यों के सहयोग से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। जनसामान्य की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थल पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बड़ी संख्या में लोगों का ध्यान आकर्षित किया तथा नशे के विरुद्ध एक सशक्त जनसंदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के जरिए बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। प्रस्तुत नाटक में यह संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया कि नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण संभव है तथा प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के दौरान *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार मिश्रा* एवं पुलिस अधिकारीयों द्वारा उपस्थित नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे के विरुद्ध जनआंदोलन का हिस्सा बनने का आह्वान किया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें, अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें तथा मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन अथवा तस्करी की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा श्रीमती शालिनी परस्ते, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर एवं प्रभारी  रोशनलाल भारती सहित अन्य पुलिस अधिकारी, एनजीओ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply