Skip to content
ताज़ा खबर
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, जांच के लिए भोपाल भेजेदीपावली पर्व को लेकर अधिकारियों ने पटाखा बाजारों का किया निरीक्षणधनतेरस के अवसर पर “स्वामित्व योजना” के तहत आवासीय अधिकारों के पंजीकृत कराएकृषि आदान विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, बीज गुणवत्ता जांच के लिए नमूने लिएखंडवा, हरसूद एवं खालवा में खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गएगुम इंसान, गुम बालक/बालिका एवं महिला अपराधोंलोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण – केंद्रीय राज्य मंत्री उइकेयुवा सृजन जन संवाद मे विद्यार्थियों ने किया थाना कोतवाली एवं पुलिस कंट्रोल रूम हरदा का भ्रमणस्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में आयोजित हुआ “जन सुरक्षा – युवा सृजन संवाद” कार्यक्रममुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रहटगांव में शिविर आयोजित
8 Nov 2026 हरदा 30°C

ताज़ा ख़बरें हरदा से

Sunday, 8 November 2026
खंडवा

हनुवंतिया में जल महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ

3 min read
Text Size:

हनुवंतिया को वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन अनुसार पर्यटन विभाग सतत प्रयास कर रहा है। इसी क्रम मे प्रसिद्ध जल पर्यटन स्थल हनुवंतिया में जल महोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। इस अवसर पर खंडवा की अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख ने फीता काटकर जल महोत्सव का शुभारंभ किया।
नर्मदा बैकवॉटर के सुरम्य और शांत वातावरण में आयोजित यह महोत्सव नववर्ष के स्वागत के साथ पर्यटन, संस्कृति और उत्सव का अद्भुत संगम बनकर सामने आया।
पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व राज्य मंत्री श्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी के मार्गदर्शन और अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व श्री शिव शेखर शुक्ला के कुशल निर्देशन में ‘एक्वा सेरेनेड इन हनुवंतिया’ थीम आधारित नववर्ष उत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई।
हनुवंतिया क्षेत्र प्राकृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। लगभग 95 वर्ग किलोमीटर में फैला विशाल जलाशय, 90 से अधिक द्वीप, शांत वातावरण और जैव विविधता इसे विशिष्ट बनाते हैं। यही कारण है कि हनुवंतिया आज पर्यटन, निवेश और नवाचार का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। जल महोत्सव के अंतर्गत विकसित टेंट सिटी लगभग 17 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जिसमें कुल 104 स्विस कॉटेज टेंट स्थापित किए गए हैं। इनमें डीलक्स एवं लग्ज़री श्रेणी के टेंट शामिल हैं, जो पर्यटकों को प्रकृति के बीच सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक ठहराव का अनुभव प्रदान कर रहे हैं।

100 दिनों तक चलेंगी रोमांचक गतिविधियां

इस वर्ष भी 30 दिसंबर से प्रारंभ हुए जल महोत्सव के अंतर्गत 100 दिनों तक निरंतर विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। जल महोत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए भूमि, जल और वायु आधारित गतिविधियों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध कराई गई है, जिनमें स्पीड बोटिंग, जेट स्की, कयाकिंग, वाटर पैरासेलिंग, बनाना राइड, ज़िपलाइन, एटीवी राइड, साइकलिंग, ट्रेकिंग और टेथर्ड हॉट एयर बैलून जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। इसके साथ ही योग, नेचर वॉक, वेलनेस गतिविधियां और परिवारों के लिए सुरक्षित मनोरंजन विकल्प भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यह आयोजन हर आयु वर्ग के पर्यटकों के लिए उपयुक्त बन गया है।

लोक कला, संस्कृति और स्थानीय स्वादों का मंच

जल महोत्सव मध्य प्रदेश की लोक कला, लोक संगीत, जनजातीय संस्कृति, शिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। स्थानीय शिल्पकारों, कलाकारों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन की आत्मा रही, जिससे स्थानीय समुदाय को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिला।

नववर्ष पर एक्वा सेरेनेड का विशेष आकर्षण

नववर्ष अवसर पर हनुवंतिया में “एक्वा सेरेनेड इन हनुवंतिया” थीम के अंतर्गत विशेष आयोजन किया गया, जिसमें 30 दिसंबर से सांस्कृतिक संध्याएं, गाला नाइट, लाइट एंड साउंड शो, जल आधारित प्रस्तुतियां और उत्सवपूर्ण वातावरण ने पर्यटकों को आकर्षित किया।

सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था

इस जल महोत्सव में पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती, वाटर सेफ्टी उपकरण, लाइफ जैकेट्स, मेडिकल सुविधा, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी निगरानी और नियंत्रित प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

What do you think?